3 Jun 2026, Wed

रुद्रपुर में स्पा सेंटर की आड़ में देह व्यापार का भंडाफोड़

खबर शेयर करें-

रुद्रपुर में स्पा सेंटर की आड़ में देह व्यापार का भंडाफोड़

 

 

 

मिजोरम से लाई गईं युवतियां, दो नाबालिग समेत पांच रेस्क्यू; छह आरोपी गिरफ्तार

 

रुद्रपुर। उधमसिंह नगर जिले के रुद्रपुर में एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए स्पा सेंटर की आड़ में चल रहे देह व्यापार के धंधे का खुलासा किया है। पुलिस ने छापेमारी के दौरान दो नाबालिग समेत पांच युवतियों को रेस्क्यू किया, जबकि दो महिलाओं सहित छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

 

जानकारी के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में AHTU को सूचना मिली थी कि गाबा चौक स्थित “ब्यूटी क्वीन स्पा एंड सैलून” में बाहरी राज्यों, विशेषकर मिजोरम से लड़कियों को लाकर अनैतिक कार्य कराया जा रहा है। सूचना की पुष्टि होने पर प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह दसौनी के नेतृत्व में टीम ने स्पा सेंटर पर छापा मारा।

 

छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से पांच मोबाइल फोन, एक स्कैनर, रिसेप्शन रजिस्टर और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की। कार्रवाई में स्पा सेंटर संचालिका लालनुनसियामी उर्फ किकी निवासी मिजोरम, उसके पति मोहम्मद शेहरियार निवासी बरेली, एच लालछनहिमा निवासी मिजोरम, दीपक सिंह निवासी रुद्रपुर, संजय श्रीवास्तव निवासी पीलीभीत/रुद्रपुर तथा लालरमजावी उर्फ निकी को गिरफ्तार किया गया।

 

पुलिस द्वारा रेस्क्यू की गई पांचों युवतियां मिजोरम की रहने वाली बताई जा रही हैं, जिनमें दो नाबालिग हैं। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपित युवतियों को अच्छे रोजगार का झांसा देकर मिजोरम से रुद्रपुर लाते थे और बाद में उन्हें डरा-धमकाकर देह व्यापार में धकेल दिया जाता था।

 

पुलिस के अनुसार इस गिरोह से संबंधित मामला मिजोरम के आइजोल स्थित ऑल वुमेन पुलिस स्टेशन में भी दर्ज है। वहीं रुद्रपुर कोतवाली में भारतीय न्याय संहिता (BNS) और अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

 

पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है और मामले की गहन जांच की जा रही है।