शादी के 6 दिन बाद प्रेमी संग फरार हुई नवविवाहिता, जेवर लेकर दिल्ली पहुंची; पुलिस ने किया बरामद
चंपावत के पाटी क्षेत्र का मामला, मायके जाते समय सहेली से मिलने का बहाना बनाकर हुई गायब

चंपावत– उत्तराखंड के चंपावत जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां शादी के महज छह दिन बाद एक नवविवाहिता अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई। आरोप है कि युवती अपने साथ मायके और ससुराल पक्ष के कीमती जेवरात भी ले गई। मामले के सामने आने के बाद दोनों परिवारों में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मोबाइल लोकेशन और सर्विलांस की मदद से युवती और उसके प्रेमी को दिल्ली से बरामद कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, पाटी क्षेत्र निवासी नवीन चन्द्र सोराड़ी की बेटी सुमन की शादी 5 मई को बाराकोट ब्लॉक के ग्राम रावलगांव निवासी प्रेम प्रकाश गड़कोटी के साथ हिंदू रीति-रिवाज से संपन्न हुई थी। शादी के शुरुआती दिनों में सब कुछ सामान्य बताया जा रहा था। परिवार के लोगों के अनुसार, युवती का व्यवहार भी सामान्य था और वह रिश्तेदारों से अच्छे से मिल-जुल रही थी।
बताया जा रहा है कि 11 मई को सुमन पहली बार अपने पति के साथ मायके जाने के लिए निकली थी। रास्ते में पाटी बाजार पहुंचने पर उसने पति से कहा कि वह अपनी एक सहेली से मिलकर आती है। पति बाजार में उसका इंतजार करता रहा, लेकिन काफी देर तक वह वापस नहीं लौटी।
पत्नी के अचानक गायब होने से परेशान पति प्रेम प्रकाश ने कई बार फोन किया, लेकिन उसका मोबाइल स्विच ऑफ मिला। कुछ समय बाद युवती ने एक अज्ञात नंबर से पति को फोन कर बताया कि वह अपने प्रेमी के साथ चली गई है और अब वापस नहीं आएगी।
परिजनों का आरोप है कि युवती घर से निकलते समय मायके और ससुराल पक्ष के कीमती जेवरात भी अपने साथ ले गई। घटना के बाद दोनों परिवारों में तनाव का माहौल बन गया और मामले की सूचना पाटी थाने में दी गई।
पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। मोबाइल लोकेशन और सर्विलांस की मदद से पुलिस टीम ने युवती और उसके प्रेमी को दिल्ली से बरामद कर लिया। दोनों को हिरासत में लेकर पाटी लाया गया है, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मामले में सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। युवती और उसके परिजनों के बीच बातचीत कराने का प्रयास भी किया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।






