3 Jun 2026, Wed

फिर लगा महंगाई का झटका, पेट्रोल-डीजल के दाम चौथी बार बढ़े

खबर शेयर करें-

फिर लगा महंगाई का झटका, पेट्रोल-डीजल के दाम चौथी बार बढ़े

 

10 दिनों में चौथी बढ़ोतरी से आम जनता परेशान, दिल्ली में पेट्रोल 102.12 और डीजल 95.20 रुपये प्रति लीटर

 

नई दिल्ली/देहरादून। देशभर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी ने आम आदमी की चिंता बढ़ा दी है। सोमवार सुबह तेल कंपनियों ने पेट्रोल के दाम में 2.61 रुपये प्रति लीटर और डीजल में 2.71 रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी की घोषणा की। बीते 10 दिनों के भीतर यह चौथी बार है, जब ईंधन की कीमतों में इजाफा हुआ है।

 

लगातार बढ़ती कीमतों का सीधा असर आम लोगों की जेब पर पड़ रहा है। राजधानी दिल्ली में पेट्रोल की कीमत बढ़कर 102.12 रुपये प्रति लीटर पहुंच गई है, जबकि डीजल 95.20 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। वहीं कोलकाता में पेट्रोल 113.51 रुपये प्रति लीटर दर्ज किया गया, जहां 2.87 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। मुंबई में पेट्रोल 111.21 रुपये प्रति लीटर और चेन्नई में 107.77 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है।

 

इससे पहले शनिवार को भी पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 87 से 91 पैसे तक की बढ़ोतरी की गई थी। लगातार बढ़ते ईंधन के दामों का असर अब परिवहन, खाद्य सामग्री और रोजमर्रा की जरूरतों पर भी दिखाई देने लगा है।

 

मध्यम वर्ग, नौकरीपेशा लोगों और रोजाना वाहन इस्तेमाल करने वाले नागरिकों की चिंता लगातार बढ़ रही है। विशेषज्ञों का मानना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव और टैक्स संरचना का सीधा असर घरेलू बाजार में देखने को मिल रहा है।

 

यदि कीमतों में इसी तरह बढ़ोतरी जारी रही तो आने वाले दिनों में महंगाई का असर और व्यापक होने की आशंका जताई जा रही है।