आईसीएआई भवन हेतु भूमि आवंटन की मांग, सीए एसोसिएशन ने महापौर के माध्यम से सीएम को भेजा ज्ञापन
रुद्रपुर। भारतीय सनदी लेखाकार संस्थान (आईसीएआई) की हल्द्वानी शाखा के लिए स्थायी भवन निर्माण की दिशा में पहल करते हुए सीए एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने महापौर विकास शर्मा के माध्यम से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को ज्ञापन प्रेषित किया। ज्ञापन में रुद्रपुर और हल्द्वानी के मध्य लगभग 10 हजार वर्ग फीट भूमि आवंटित किए जाने का अनुरोध किया गया है, ताकि कुमाऊं क्षेत्र में आईसीएआई का आधुनिक एवं अत्याधुनिक संस्थागत भवन स्थापित किया जा सके।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि वर्तमान में आईसीएआई की हल्द्वानी शाखा किराये के भवन से संचालित हो रही है, जिसके कारण बढ़ती गतिविधियों, सदस्यों तथा विद्यार्थियों की आवश्यकताओं को पूरा करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में स्थायी भवन की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही है।
ज्ञापन में कहा गया कि आईसीएआई देश की प्रतिष्ठित वैधानिक संस्था है, जिसकी स्थापना चार्टर्ड अकाउंटेंट अधिनियम-1949 के तहत की गई थी। संस्था लेखांकन, लेखा परीक्षा, कराधान, वित्तीय प्रबंधन, कॉर्पोरेट गवर्नेंस और व्यावसायिक नैतिकता के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दे रही है। देशभर में इसकी 186 शाखाएं संचालित हैं, जहां विद्यार्थियों और सदस्यों के लिए प्रशिक्षण, सेमिनार, कार्यशालाएं तथा कौशल विकास कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।
सीए एसोसिएशन ने अपने ज्ञापन में उल्लेख किया कि उत्तराखंड, विशेषकर कुमाऊं क्षेत्र के युवा चार्टर्ड अकाउंटेंसी सहित व्यावसायिक शिक्षा के प्रति तेजी से आकर्षित हो रहे हैं, लेकिन आधुनिक प्रशिक्षण और संसाधनों के अभाव में अनेक विद्यार्थियों को राज्य से बाहर जाना पड़ता है। प्रस्तावित भवन के निर्माण से स्थानीय युवाओं को अपने क्षेत्र में ही उच्च स्तरीय शिक्षा, प्रशिक्षण और मार्गदर्शन की सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
प्रस्तावित भवन में प्रशिक्षण कक्ष, सेमिनार हॉल, पुस्तकालय, डिजिटल लर्निंग सेंटर, अध्ययन कक्ष, प्रोफेशनल डेवलपमेंट सेंटर सहित उद्योग जगत और उद्यमियों के लिए परामर्श सुविधाएं विकसित करने की योजना है। संस्था का मानना है कि यह केंद्र कौशल विकास, स्वरोजगार, स्टार्टअप प्रोत्साहन और ज्ञान आधारित अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
महापौर विकास शर्मा ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि ज्ञापन को मुख्यमंत्री तक प्राथमिकता के साथ पहुंचाया जाएगा तथा इस मांग के संबंध में सकारात्मक प्रयास किए जाएंगे।
इस अवसर पर सीए मोहित देव, सीए चेतन खुराना, सीए अंकित प्रताप सिंह, सीए अभिषेक बठला, सीए मोहित गंभीर, सीए पारस सुराना, सीए विजेंद्र माहेश्वरी सहित अन्य चार्टर्ड अकाउंटेंट उपस्थित रहे।






