3 Jun 2026, Wed

उत्तराखंड मिनी गोल्फ टीम चयन ट्रायल संपन्न, 40 खिलाड़ियों ने दिखाई प्रतिभा

खबर शेयर करें-

उत्तराखंड मिनी गोल्फ टीम चयन ट्रायल संपन्न, 40 खिलाड़ियों ने दिखाई प्रतिभा

 

काशीपुर, 31 मई। मिनी गोल्फ फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में आगामी 25 से 30 जून 2026 तक रायपुर (छत्तीसगढ़) में आयोजित होने वाली 11वीं सीनियर महिला एवं पुरुष मिनी गोल्फ चैंपियनशिप के लिए उत्तराखंड प्रदेश की टीम के चयन हेतु ट्रायल रविवार को एस.सी. गुड़िया आई.एम.टी. कॉलेज, काशीपुर में संपन्न हुआ।

प्रातः 10 बजे से आयोजित चयन ट्रायल में प्रदेशभर से आए खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। ट्रायल के आधार पर चयनित महिला एवं पुरुष खिलाड़ी आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एस.सी. गुड़िया आई.एम.टी. कॉलेज के असिस्टेंट प्रोफेसर एवं द मिनी गोल्फ एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के वरिष्ठ उपाध्यक्ष पवन कुमार बक्शी रहे। इस अवसर पर जिला ओलंपिक संघ उधम सिंह नगर के अध्यक्ष डॉ. नागेंद्र शर्मा ने बताया कि चयन ट्रायल में लगभग 40 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। उन्होंने कहा कि चयनित खिलाड़ियों की सूची शीघ्र जारी कर उन्हें राष्ट्रीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग के लिए भेजा जाएगा।

डॉ. शर्मा ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग के लिए एस.सी. गुड़िया आई.एम.टी. कॉलेज प्रबंधन का आभार व्यक्त किया। चयन प्रक्रिया के दौरान लोकेश पांडेय, जया पाण्डेय, दीपक गुप्ता, योगेश पाण्डेय, कशिश शर्मा एवं मनजोत कौर ने निर्णायक की भूमिका निभाई।

इस अवसर पर एस.सी. गुड़िया आई.एम.टी. कॉलेज के रजिस्ट्रार डॉ. सुधीर दुबे, काशीपुर मिनी गोल्फ संघ के सचिव डॉ. दीपक गुप्ता सहित कॉलेज के अन्य सदस्य एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।

फोटो कैप्शन: काशीपुर स्थित एस.सी. गुड़िया आई.एम.टी. कॉलेज में आयोजित उत्तराखंड मिनी गोल्फ टीम चयन ट्रायल में प्रतिभाग करते खिलाड़ी एवं उपस्थित अतिथि।