नीति आयोग की बैठक में शामिल हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी

नई दिल्ली/देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में आयोजित नीति आयोग (NITI Aayog) की महत्वपूर्ण बैठक में प्रतिभाग किया। बैठक में देश के विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री, केंद्र शासित प्रदेशों के प्रतिनिधि एवं नीति आयोग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने उत्तराखंड के समग्र विकास, आधारभूत संरचना के सुदृढ़ीकरण, पर्यटन, कृषि, रोजगार सृजन तथा पर्वतीय क्षेत्रों के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों को प्रमुखता से रखा। उन्होंने राज्य की विकास योजनाओं, निवेश को बढ़ावा देने के प्रयासों तथा जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी भी साझा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड निरंतर विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। राज्य सरकार प्रधानमंत्री के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा उत्तराखंड को मिल रहे सहयोग के लिए प्रधानमंत्री का आभार भी व्यक्त किया।
नीति आयोग की बैठक में विकसित भारत-2047 के लक्ष्य, राज्यों की सहभागिता, आर्थिक विकास, नवाचार, डिजिटल प्रौद्योगिकी, कृषि सुधार, शिक्षा, स्वास्थ्य और सतत विकास जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड सरकार केंद्र और नीति आयोग के मार्गदर्शन में राज्य के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार कार्य करती रहेगी।






