14 Jun 2026, Sun

कैंची धाम स्थापना दिवस: कुमाऊं कमिश्नर, आईजी और एसएसपी ने लिया जायजा

खबर शेयर करें-

कैंची धाम स्थापना दिवस: कुमाऊं कमिश्नर, आईजी और एसएसपी ने लिया जायजा, कुमाऊं कमिश्नर के सख्त निर्देश: देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को न हो कोई परेशानी

भवाली। कल 15 जून को आयोजित होने वाले बाबा नीम करोली महाराज के विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम स्थापना दिवस के मद्देनजर प्रशासनिक और पुलिस आला अधिकारियों ने धरातल पर उतरकर तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में आज कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत, आईजी कुमाऊं रेंज श्रीमती निवेदिता कुकरेती एवं एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी ने संयुक्त रूप से भवाली एवं भीमताल क्षेत्र की यातायात एवं पार्किंग व्यवस्थाओं तथा कैंची मंदिर की सुरक्षा व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने भवाली सेनेटोरियम, नैनी

बैंड, खुटानी, विकास भवन भीमताल में वाहनों की पार्किंग क्षमता, बैरियर ड्यूटी समेत सुरक्षा के तमाम पुख्ता इंतजामों का बारीकी से जायजा लिया। आयुक्त दीपक रावत और पुलिस अधिकारियों के बीच क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति और ट्रैफिक के दबाव को देखते हुए कई महत्वपूर्ण सुरक्षात्मक पहलुओं पर विस्तृत वार्ता हुई। अधिकारियों का मुख्य फोकस इस बात पर रहा कि स्थापना दिवस के दौरान आने वाले श्रद्धालु वाहन जाम की स्थिति से मुक्त रहें।

मंदिर परिसर में कड़ी सुरक्षा एवं निगरानी हेतु कंट्रोल रूम का बारीकी से निरीक्षण किया गया। सीसीटीवी ग्रिड की स्थिति का जायजा लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

आयुक्त कुमाऊं दीपक रावत ने पुलिस, स्थानीय प्रशासन एवं संबंधित कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि बाबा नीम करोली के दर्शन के लिए देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।

श्रद्धालुओं को सुलभ और सुरक्षित ढंग से दर्शन कराने के लिए बैरीकेडिंग और कतार प्रबंधन को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं।
पैदल चलने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए भी विशेष इंतजाम करने को कहा गया है।

आईजी श्रीमती निवेदिता कुकरेती एवं एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने ग्राउंड जीरो पर उतरकर कल 15 जून को कैंची धाम स्थापना दिवस हेतु संपूर्ण सुरक्षा व्यवस्था और रूट डाइवर्जन/यातायात प्लान की लगातार मॉनिटरिंग करते हुए पुलिस बल को आवश्यक दिशा निर्देश दिए जा रहे हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डाॅ मंजूनाथ टीसी ने कहा कि”मेला क्षेत्र में भारी पुलिस बल, एलीट फोर्स और सीसीटीवी कैमरों के जरिए चप्पे-चप्पे पर नजर रखी जा रही है। यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए पार्किंग स्थलों पर मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।” नैनीताल पुलिस कैंची धाम आने वाले सभी श्रद्धालुओं और स्थानीय जनता से अपील करती है कि वे सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और यातायात नियमों का पालन करने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करें।