14 Jun 2026, Sun

अश्लील वीडियो भेजकर शारीरिक संबंध बनाने का डाल रहा था दबाव! महिला के पति और भाई ने की हत्या

खबर शेयर करें-

अश्लील वीडियो भेजकर शारीरिक संबंध बनाने का डाल रहा था दबाव! महिला के पति और भाई ने की हत्या

 

 

 

कर्नाटक के बल्लारी में एक युवक की हत्या के आरोप में पुलिस ने एक महिला उसके पति और उसके भाई को गिरफ्तार किया है.

 

बल्लारी (कर्नाटक): कर्नाटक के बल्लारी जिले में एक महिला को कथित रूप से अश्लील वीडियो भेजकर संबंध बनाने के लिए मजबूर करने और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने वाले एक 26 वर्षीय युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई. हत्या के बाद आरोपियों ने शव को जलाने और सबूत मिटाने की भी कोशिश की. पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी महिला, उसके पति और भाई को बेंगलुरु से गिरफ्तार कर लिया है.

 

नहर के पास मिली थी अधजली लाश

 

मारे गए युवक की पहचान बसवनगौड़ा पाटिल (26) के रूप में हुई है, जो एक निजी लैब में काम करता था. बसवनगौड़ा बीती 7 जून की रात को अचानक संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया था. अगली सुबह मोका पुलिस स्टेशन क्षेत्र के अंतर्गत शिवपुरा-ताम्बराहाली एलएलसी (LLC) नहर के पास उसकी अधजली लाश बरामद हुई. शुरुआती जांच में पुलिस को यह मामला किसी प्रेम प्रसंग से जुड़ा मर्डर लग रहा था. लेकिन, जब कड़ियों को जोड़ा गया तो एक चौंकाने वाली सच्चाई सामने आई.

 

सालभर से महिला को कर रहा था ब्लैकमेल

 

बल्लारी की पुलिस अधीक्षक (SP) सुमन डी. पेन्नेकर ने बताया कि मृतक बसवनगौड़ा पिछले एक साल से एक शादीशुदा महिला को अश्लील वीडियो और मैसेज भेजकर ब्लैकमेल कर रहा था. वह महिला पर शारीरिक संबंध बनाने के लिए लगातार मानसिक दबाव बना रहा था. जब बसवनगौड़ा की प्रताड़ना हद से ज़्यादा बढ़ गई, तो तंग आकर महिला ने अपने पति और अपने सगे भाई को इसकी जानकारी दी. इसके बाद तीनों ने मिलकर बसवनगौड़ा को रास्ते से हटाने की पूरी प्लानिंग कर डाली.

 

महिला ने खुद जाल बिछाकर बुलाया

 

साजिश के मुताबिक, 7 जून की रात को महिला ने खुद फोन करके बसवनगौड़ा को मोका के पास एक सुनसान इलाके में मिलने के लिए बुलाया. बसवनगौड़ा जैसे ही अपनी बाइक से वहां पहुंचा, वहां पहले से घात लगाकर बैठे महिला के पति और भाई विजय ने उसे दबोच लिया. दोनों ने रस्सी से उसका गला घोंटकर उसे बेरहमी से मार डाला.

 

हत्या को अंजाम देने के बाद वे शव को वहां से करीब 10 किलोमीटर दूर एक वीरान जगह पर ले गए. सबूत मिटाने की नीयत से उन्होंने लाश पर पेट्रोल छिड़का और आग लगा दी. वारदात को अंजाम देकर तीनों आरोपी रात में ही बेंगलुरु फरार हो गए.

 

मोबाइल ने खोला राज

 

पुलिस ने जब मृतक बसवनगौड़ा का मोबाइल खंगाला और उसका टेक्निकल सर्विलांस किया, तो पता चला कि उसने कई महिलाओं को अश्लील मैसेज भेजे थे. पुलिस ने पुलिस ने मोबाइल लोकेशन और कॉल डिटेल्स (CDR) के आधार पर आरोपियों का पीछा किया और बेंगलुरु से तीनों को धर दबोचा. पूछताछ के दौरान तीनों आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है. जिसके बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है.