17 Jul 2026, Fri

पुलिस थानों को बम से उड़ाने की धमकी देने वाला आरोपी गिरफ्तार

खबर शेयर करें-

उत्तराखंड के पुलिस थानों को बम से उड़ाने की धमकी देने वाला आरोपी गिरफ्तार, कर्णप्रयाग विवाद से था नाराज

 

देहरादून। उत्तराखंड के सभी पुलिस थानों को बम से उड़ाने की धमकी देकर दहशत फैलाने वाले आरोपी को देहरादून पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान जसप्रीत सिंह, निवासी अंबाला (हरियाणा) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वह मोबाइल फोन भी बरामद किया है, जिससे कथित रूप से सोशल मीडिया पर धमकी भरे पोस्ट किए गए थे।

 

पुलिस के अनुसार, 21 जून को एक अज्ञात व्यक्ति ने विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर उत्तराखंड के सभी पुलिस थानों को बम से उड़ाने संबंधी धमकी भरे संदेश प्रसारित किए थे। इन पोस्टों से आम जनता में भय और दहशत का माहौल बन गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए देहरादून की नगर कोतवाली में भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।

 

मामले की जांच के लिए विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। तकनीकी जांच और सोशल मीडिया आईडी की ट्रैकिंग के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची। शुरुआती छापेमारी के दौरान आरोपी घर पर नहीं मिला, जिसके बाद उसके परिजनों को मामले की जानकारी दी गई। बाद में सूचना मिली कि आरोपी अपने वकील के साथ देहरादून आ रहा है, जिस पर पुलिस ने सहारनपुर रोड से उसे गिरफ्तार कर लिया।

 

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह चमोली जिले के कर्णप्रयाग क्षेत्र में स्थानीय युवकों और निहंग सिखों के बीच हुए विवाद के बाद पुलिस की कार्रवाई से नाराज था। सोशल मीडिया पर संबंधित वीडियो और रील देखने के बाद उसने कथित तौर पर उत्तराखंड पुलिस को चुनौती देने और लोगों में भय का माहौल बनाने के उद्देश्य से ‘Jaspreet-devil’ नाम की इंस्टाग्राम आईडी से 25 जून 2026 को धमकी भरी टिप्पणी पोस्ट की।

 

पुलिस ने आरोपी के मोबाइल फोन को जब्त कर लिया है। बरामद डिजिटल साक्ष्यों की फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है ताकि मामले से जुड़े अन्य तथ्यों का भी पता लगाया जा सके।

 

एसपी सिटी प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया के माध्यम से कानून-व्यवस्था बिगाड़ने या दहशत फैलाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

 

#संवादNews9 #SamvadNews9 #Dehradun #Uttarakhand #Police #BombThreat #CyberCrime #BreakingNews #Chamoli #Karnprayag