#रुद्रपुर : सनातन धर्म कन्या इंटर कॉलेज में ‘मनरंग’ कार्यशाला, छात्राओं को आत्मविश्वास और अभिव्यक्ति का मिला मंच

रुद्रपुर। सनातन धर्म कन्या इंटर कॉलेज में 4 जुलाई को कक्षा 6 की छात्राओं के लिए ‘मनरंग’ संस्था के तत्वावधान में कला, अभिव्यक्ति, समानुभूति एवं सशक्तिकरण विषय पर विशेष कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती ज्योति राज ने दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने छात्राओं को अपनी प्रतिभा को खुलकर सामने लाने और जीवन में बड़े लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें हासिल करने के लिए प्रेरित किया।


कार्यक्रम की संयोजिका एवं ‘मनरंग’ की संस्थापिका सुश्री शैलजा यादव ने विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से छात्राओं को अपनी भावनाओं को व्यक्त करने, सपनों को पहचानने और उन्हें पूरा करने के लिए आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। उन्होंने बताया कि मनरंग का उद्देश्य कला के माध्यम से बच्चों को ऐसा रचनात्मक मंच उपलब्ध कराना है, जहां वे स्वयं को स्वतंत्र रूप से अभिव्यक्त कर सकें और सशक्त बन सकें।


कार्यशाला में छात्राओं ने अभिनय, चित्रकला और अन्य रचनात्मक गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। समापन अवसर पर छात्राओं ने गैस के गुब्बारे उड़ाकर “I AM FREE” का उद्घोष किया, जो आत्मविश्वास, स्वतंत्र सोच और सशक्तिकरण का प्रतीक बना।
कार्यशाला में 94 छात्राओं ने सहभागिता की। इस अवसर पर सुश्री नेहा, श्रीमती अनु चौधरी, श्रीमती एकता, विजायलक्ष्मी, कंचन तथा मंजू आर्य सहित विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।






