जसपुर में खूनी रंजिश: दिन में दी जान से मारने की धमकी, रात में कार से कुचलकर युवक की हत्या
जसपुर (ऊधम सिंह नगर)। ऊधम सिंह नगर के जसपुर में पुरानी रंजिश ने शनिवार रात खूनी रूप ले लिया। दिन में हुए विवाद के बाद कार सवार युवकों ने बाइक सवार तीन युवकों को पीछे से टक्कर मार दी। आरोप है कि इसके बाद एक युवक को कार से कुचल दिया गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 9:30 बजे नितिन, हर्ष और लवीश एक बाइक पर सवार होकर ठाकुरद्वारा चुंगी की ओर गए थे। वापसी के दौरान खेड़ा रोड स्थित आयुर्वेदिक अस्पताल के पास पुष्पेंद्र चौहान उर्फ मानू ने अपनी कार से उनकी बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही तीनों सड़क पर गिर पड़े।

आरोप है कि कार चालक ने नितिन कुमार को कार से कुचल दिया, जबकि हर्ष और लवीश किसी तरह जान बचाकर शोर मचाने लगे। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी कार छोड़कर फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और तीनों घायलों को काशीपुर अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने नितिन को मृत घोषित कर दिया। हर्ष और लवीश का उपचार जारी है।
मृतक के पिता बनारसी दास ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि दिन में हुए विवाद के दौरान आरोपियों ने उनके बेटे को जान से मारने की धमकी दी थी, जिसके बाद रात में इस वारदात को अंजाम दिया गया।
घटना के बाद कोतवाली में परिजनों ने हंगामा किया। जसपुर विधायक आदेश चौहान, भाजपा नेता खड़क सिंह, महेश प्रजापति और अशोक खन्ना समेत कई लोग कोतवाली पहुंचे और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की।
कोतवाल राजेश पांडे ने बताया कि पिता की तहरीर के आधार पर पुष्पेंद्र चौहान उर्फ मानू, जाकिर गुज्जर और एक अन्य आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें गठित कर दी गई हैं और मामले की जांच जारी है।
संवाद न्यूज़ 9






