16 Jul 2026, Thu

भूरारानी-शांति बिहार-छतरपुर मार्ग निर्माण को 2.47 करोड़ की मंजूरी, विधायक शिव अरोरा का भव्य स्वागत

खबर शेयर करें-

भूरारानी-शांति बिहार-छतरपुर मार्ग निर्माण को 2.47 करोड़ की मंजूरी, विधायक शिव अरोरा का भव्य स्वागत

 

 

रुद्रपुर। भूरारानी-शांति बिहार-छतरपुर को जोड़ने वाले करीब 5 किलोमीटर लंबे मार्ग के निर्माण के लिए 2.47 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिलने के बाद क्षेत्र में खुशी का माहौल है। इस अवसर पर विभिन्न कॉलोनियों में विधायक शिव अरोरा का फूल-मालाओं से स्वागत किया गया, जबकि डिवाइन कॉलोनी में स्थानीय लोगों ने उन्हें लड्डुओं से तौलकर आभार व्यक्त किया।

 

करीब 12 से 15 वर्षों से जर्जर स्थिति में पड़े इस मार्ग के निर्माण की मांग लंबे समय से की जा रही थी। विधायक शिव अरोरा ने बताया कि उनके प्रयासों से यह प्रस्ताव राज्य योजना में स्वीकृत हुआ और अब सड़क निर्माण के लिए धनराशि जारी होने के साथ टेंडर प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है। संबंधित ठेकेदार को कार्यादेश जारी कर दिया गया है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होगा।

 

यह मार्ग अशोक लेलैंड कंपनी, हल्द्वानी-दिनेशपुर मार्ग और सिडकुल क्षेत्र को जोड़ता है। प्रतिदिन हजारों लोग इस सड़क का उपयोग करते हैं, जबकि आसपास की दर्जनों कॉलोनियों के लिए यह मुख्य संपर्क मार्ग है।

 

स्वागत कार्यक्रम के दौरान विधायक शिव अरोरा ने कहा कि वर्षों से बदहाल इस सड़क से क्षेत्रवासियों को जल्द राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता केवल घोषणाएं करना नहीं, बल्कि योजनाओं को धरातल पर उतारना है। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2022 में विधायक बनने के बाद रुद्रपुर की कई वर्षों से लंबित सड़कों का निर्माण कराया गया है और जनता का विश्वास फिर से मजबूत हुआ है।

 

इस अवसर पर छतरपुर ग्राम प्रधान हरीश भट्ट, मटकोटा प्रधान दीपक गिरि सहित क्षेत्र के अनेक जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।