16 Jul 2026, Thu

ई-रिक्शा चालक के खाते में दिखे 759 करोड़ रुपये, बैंक भी रह गया हैरान

खबर शेयर करें-

बिहार: ई-रिक्शा चालक के खाते में दिखे 759 करोड़ रुपये, बैंक भी रह गया हैरान

 

 

गया, बिहार। गया जिले में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक ई-रिक्शा (टोटो) चालक के बैंक खाते में अचानक करीब 759 करोड़ रुपये का बैलेंस दिखाई देने लगा। यह घटना सामने आते ही इलाके में चर्चा का विषय बन गई।

 

जानकारी के अनुसार, डेल्हा थाना क्षेत्र के बागेश्वरी मोहल्ले निवासी शिवकुमार पटेल सामाजिक सुरक्षा योजना के तहत मिलने वाली वृद्धा पेंशन निकालने के लिए सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के सीएसपी केंद्र पहुंचे थे। उन्होंने आधार के माध्यम से करीब 1,000 रुपये की पेंशन निकाली। इसके बाद मोबाइल पर आए बैंक मैसेज में खाते का बैलेंस देखकर उनके होश उड़ गए।

 

मैसेज में खाते में 7,596,951,951.16 रुपये (करीब 759 करोड़ रुपये) का बैलेंस दिखाई दे रहा था। शिवकुमार ने तुरंत यह जानकारी सीएसपी संचालक को दिखाई, जो खुद भी यह देखकर हैरान रह गया।

 

घबराए शिवकुमार ने शाखा प्रबंधक से संपर्क किया। बैंक प्रबंधक ने उन्हें फिलहाल किसी भी प्रकार का लेनदेन नहीं करने और खाते से जुड़ी किसी भी जानकारी में बदलाव न करने की सलाह दी। चूंकि उस समय बैंक में अवकाश था, इसलिए मामले की जांच अगले कार्यदिवस तक टाल दी गई।

 

शिवकुमार का कहना है कि उनके खाते में पहले केवल करीब 1,100 रुपये थे। अचानक इतनी बड़ी राशि दिखाई देने से पूरा परिवार चिंतित है। उन्हें आशंका है कि कहीं यह किसी तकनीकी गड़बड़ी या बैंकिंग त्रुटि का मामला न हो।

 

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि खाते में दिखी यह राशि वास्तविक ट्रांसफर थी या बैंकिंग सिस्टम की तकनीकी त्रुटि। मामले की जांच के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी।

 

#Bihar #Gaya #Bank #ERickshaw #ViralNews #BreakingNews #संवादNews9