1109 करोड़ रुपए बैंक धोखाधड़ी मामले में सीबीआई की बड़ी कार्रवाई,

काशीपुर समेत चार राज्यों में छापेमारी

काशीपुर। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने 1109 करोड़ रुपए के कथित बैंक धोखाधड़ी मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और तमिलनाडु में एक साथ छह स्थानों पर छापेमारी की है। यह कार्रवाई 18 जुलाई 2026 को की गई, जबकि इसकी आधिकारिक जानकारी 19 जुलाई 2026 को जारी की गई

सीबीआई के अनुसार, यह मामला एम/एस गुप्ता पावर इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड, भुवनेश्वर (ओडिशा) के खिलाफ दर्ज किया गया है। कंपनी पर केनरा बैंक से लगभग 1109 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी करने का आरोप है।छुट्टियां व मौसमी आयोजन
जांच एजेंसी का आरोप है कि कंपनी ने स्टॉक का मूल्य बढ़ा-चढ़ाकर दिखाया, व्यापारिक देयों (Trade Receivables) को कृत्रिम रूप से बढ़ाया तथा वित्तीय दस्तावेजों में हेरफेर कर बैंक से अधिक ऋण सुविधाएं प्राप्त कीं। इसके अलावा, ऋण की राशि का दुरुपयोग करने और खातों की एवरग्रीनिंग (Evergreening) कर बैंक को भारी वित्तीय नुकसान पहुंचाने का भी आरोप है।
सीबीआई ने विशेष न्यायाधीश, सीबीआई, भुवनेश्वर द्वारा जारी तलाशी वारंट के आधार पर यह कार्रवाई की। छापेमारी कंपनी के निदेशकों के आवासों, कोलकाता स्थित पंजीकृत कार्यालय तथा कंपनी की तीन विनिर्माण इकाइयों पर की गई। इनमें काशीपुर (जनपद ऊधम सिंह नगर, उत्तराखंड) स्थित इकाई भी शामिल है। इसके अलावा तमिलनाडु के तिरुवल्लूर और ओडिशा के भुवनेश्वर स्थित परिसरों की भी तलाशी ली गई।
सीबीआई ने बताया कि तलाशी के दौरान कई महत्वपूर्ण और आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद किए गए हैं। एजेंसी ने स्पष्ट किया है कि मामले की जांच अभी जारी है और आगे भी आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।






