बिजली कटौती व लो वोल्टेज पर कांग्रेस का प्रदर्शन, अधिशासी अभियंता का घेराव

रुद्रपुर। नगर निगम वार्ड संख्या-32 में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती और लो वोल्टेज की समस्या को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों ने पार्षद गौरव गिरी के नेतृत्व में विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता का घेराव कर ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो विद्युत विभाग की तालाबंदी कर जनआंदोलन किया जाएगा।

पार्षद गौरव गिरी ने कहा कि शहरी क्षेत्र होने के बावजूद वार्ड संख्या-32 में ग्रामीण क्षेत्रों जैसी घंटों बिजली कटौती हो रही है। लगातार लो वोल्टेज के कारण लोगों के घरेलू विद्युत उपकरण खराब हो रहे हैं, जिससे उपभोक्ताओं को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

उन्होंने बताया कि हंस विहार फेज-1, हंस विहार फेज-2, डिवाइन पार्क, आनंदम और फौजी मटकोटा समेत पूरे वार्ड में बार-बार अघोषित बिजली कटौती से लोग परेशान हैं। भीषण गर्मी में बिजली की अनियमित आपूर्ति के कारण बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि पूरे वार्ड को शहरी विद्युत आपूर्ति व्यवस्था से जोड़ा जाए, नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए तथा बढ़ते विद्युत भार को देखते हुए अतिरिक्त ट्रांसफार्मर की शीघ्र स्थापना की जाए।
प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट कहा कि यदि जल्द स्थायी समाधान नहीं किया गया तो क्षेत्रवासी विद्युत विभाग के खिलाफ उग्र आंदोलन और तालाबंदी करने को मजबूर होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी विभाग की होगी।
इस दौरान संजय जुनेजा, मोहन खेड़ा, चेतन भट्ट, राकेश नौटियाल, विजय नेगी, नंदन सिंह रावत, देवेंद्र चौहान, संजय कुमार, तरुण गिरी, माधवी अधिकारी, कलावती अधिकारी, दुर्गा सुयाल, कमल राणा, चंद्र सुयाल, विमला पालीवाल, विमला देवी, खेम सिंह कोटिया, सतीश बुढकोटी, गंगा सिंह भंडारी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
#संवाद_न्यूज़9 #रुद्रपुर #बिजली_कटौती #लो_वोल्टेज #कांग्रेस #जनआंदोलन #उत्तराखंड_समाचार






