भगवा रंग में रंगी धर्मनगरी हरिद्वार, शिवभक्तों के सैलाब से पार्किंग फुल

हरकी पैड़ी से हाईवे तक हर तरफ गूंज रहा ‘हर-हर महादेव’, 3.20 करोड़ से अधिक कांवड़िए गंगाजल लेकर रवाना

हरिद्वार। कांवड़ मेले के अंतिम चरण में धर्मनगरी हरिद्वार पूरी तरह भगवा रंग में रंगी नजर आ रही है। हरकी पैड़ी, गंगा घाटों, बाजारों से लेकर हाईवे तक चारों तरफ शिवभक्तों की भारी भीड़ दिखाई दे रही है। डाक कांवड़ वाहनों की बढ़ती संख्या के चलते शहर की प्रमुख पार्किंग भी वाहनों से पैक हो गई हैं।

रविवार सुबह तक 3 करोड़ 20 लाख से अधिक कांवड़िए गंगाजल लेकर अपने गंतव्यों की ओर रवाना हो चुके हैं। वहीं बड़ी संख्या में डाक कांवड़िए अभी भी हरिद्वार पहुंच रहे हैं। हरकी पैड़ी और आसपास के घाटों पर सुबह से ही शिवभक्तों की भारी भीड़ नजर आई।
हर पार्किंग में वाहनों का दबाव
बैरागी कैंप पार्किंग में बड़े डाक कांवड़ वाहनों की भारी संख्या दिखाई दे रही है, जबकि दीनदयाल, रोड़ीबेलवाला, पंतद्वीप, गौरीशंकर और गड्ढा पार्किंग में छोटे वाहनों का दबाव बढ़ा हुआ है। पार्किंग स्थलों से लगातार कांवड़ वाहनों को बाहर निकाला जा रहा है।
अलग-अलग राज्यों से पहुंचे शिवभक्त अपने वाहनों को आकर्षक तरीके से सजाकर और डीजे के साथ हरिद्वार पहुंच रहे हैं। किसी वाहन पर भगवान शिव की प्रतिमा नजर आ रही है तो कहीं भक्ति गीतों की गूंज सुनाई दे रही है। पूरा शहर ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से शिवमय बना हुआ है।
हाईवे पर भी डाक कांवड़ का दबाव
डाक कांवड़ के चलते हरिद्वार-दिल्ली हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। हरकी पैड़ी जाने वाले मार्गों पर भी वाहनों का दबाव बढ़ा है। हालांकि प्रशासन की ओर से शहर को जाम से बचाने के लिए लगातार व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
इस बार करीब 5 करोड़ कांवड़ियों के हरिद्वार पहुंचने का अनुमान लगाया गया है। कांवड़ मेले के अंतिम दौर में डाक कांवड़ वाहनों की रवानगी 10 अगस्त की रात तक जारी रहने की उम्मीद है। ऐसे में अगले दो दिनों तक हरिद्वार और आसपास के हाईवे पर भारी दबाव बना रहने की संभावना है।
टिहरी में भी एसएसपी ने संभाला मोर्चा
उधर, टिहरी गढ़वाल में बढ़ती श्रद्धालुओं की भीड़ और यातायात के दबाव को देखते हुए एसएसपी श्वेता चौबे खुद सड़क पर उतरकर व्यवस्थाओं का जायजा लेती नजर आईं। उन्होंने मुनिकीरेती, ब्रह्मानंद मोड़, खारा स्रोत, भद्रकाली सहित प्रमुख कांवड़ मार्गों का निरीक्षण किया और जाम वाले स्थानों पर पुलिस टीमों को तत्काल यातायात सुचारू करने के निर्देश दिए।
ढालवाला, भद्रकाली, ब्रह्मानंद मोड़, तपोवन और गरुड़चट्टी होते हुए नीलकंठ जाने वाले कांवड़ मार्गों पर भी पुलिस की विशेष निगरानी रखी जा रही है।
फिलहाल हरिद्वार से लेकर नीलकंठ तक पूरा क्षेत्र भगवामय नजर आ रहा है और हर ओर भोलेनाथ के जयकारों की गूंज सुनाई दे रही है।
#हरिद्वार #कांवड़_यात्रा #महाकुंभ_नहीं_कांवड़_मेला #उत्तराखंड_न्यूज़ #संवाद_न्यूज़9






