U20 वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप में बसंत का कमाल, हाई जंप मुकाबले में सिल्वर मेडल जीतने वाले बने पहले भारतीय

बसंत कुमार मेघवाल ने भारत के लिए अंडर-20 वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप के हाई जंप मुकाबले में पहला सिल्वर मेडल जीतकर इतिहास रच दिया.

U20 World Athletics Championships: अमेरिका के यूजीन शहर में खेले जा रहे अंडर-20 वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भारत के बसंत कुमार मेघवाल ने इतिहास रच दिया है. उन्होंने पुरुषों की हाई जंप मुकाबले में सिल्वर मेडल जीतकर चैंपियनशिप में भारत को दूसरा मेडल दिलाया. इससे पहले आशीष यादव ने जैवलिन थ्रो में सिल्वर मेडल जीता था.

बसंत कुमार मेघवाल ने 2.21 मीटर की ऊंचाई पार करके सिल्वर मेडल अपने नाम किया. इसके साथ ही बसंत वर्ल्ड एथलेटिक्स U20 चैंपियनशिप में पुरुषों की हाई जंप मुकाबले में सिल्वर मेडल जीतने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बन गए.
टॉप थ्री खिलाड़ियों के अंक बराबर
खास बात ये है कि मुकाबले में टॉप के तीनों खिलाड़ियों ने 2.21 मीटर की ऊंचाई पार की. इसलिए मेडल जीतने वाले इन तीनों खिलाड़ियों के बीच फैसला उनके प्रयासों के रिकॉर्ड के आधार पर किया गया. अल्जीरिया के यूनिस अयाची को गोल्ड मेडल दिया गया क्योंकि उन्होंने ने 2.21 मीटर की ऊंचाई पहले ही प्रयास में कर लिया, जबकि बसंत को दो प्रयास लगे. वहीं ओटिस पूल ने तीन प्रयास में 2.21 की ऊंचाई पार की.
बसंत का प्रदर्शन
मेडल तक पहुंचने के सफर में बसंत ने पहले प्रयास में 2.06 मीटर, दूसरे प्रयास में 2.12 मीटर और पहले प्रयास में 2.17 मीटर की ऊंचाई पार की, जबकि 2.21 मीटर की ऊंचाई उन्होंने दूसरे प्रयास में पार की. इसके साथ बसंत ने अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन की भी बराबरी कर ली. बसंत का यह प्रदर्शन वर्ल्ड एथलेटिक्स U20 चैंपियनशिप में पुरुषों की हाई जंप स्पर्धा में भारत के लिए एक यादगार उपलब्धि है.
लॉन्ग जंप में ब्रॉन्ज मेडल
वहीं, शाहनवाज खान ने पुरुषों की लॉन्ग जंप में 7.84 मीटर की बेस्ट जंप के साथ ब्रॉन्ज मेडल जीता. यह किसी भारतीय पुरुष लॉन्ग जंपर द्वारा जीता गया पहला वर्ल्ड-लेवल मेडल है. शुरुआत में पीछे रहने के बाद, शाहनवाज ने तीसरे राउंड में 7.84 मीटर की जबरदस्त जंप लगाई और फिर पांचवें राउंड में 7.83 मीटर की जंप के साथ दुनिया के बेहतरीन एथलीटों के बीच अपनी जगह और पोडियम पर अपना स्थान बनाए रखा. इटली के इनजोली ने 7.97 मीटर की बेस्ट जंप के साथ गोल्ड मेडल जीता, जबकि ऑस्ट्रेलिया के मैकग्रोडर (7.96 मीटर) को सिल्वर मेडल मिला.
इसके साथ ही, भारत ने 2021 की U20 वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप में अपने अब तक के सबसे अच्छे प्रदर्शन (कुल तीन मेडल) की बराबरी कर ली है.
आशीष यादव ने जैवलिन थ्रो में किया कमाल
इससे पहले आशीष यादव ने चैम्पियनशिप में भालाफेंक मुकाबले में सिल्वर मेडल जीतकर भारत का खाता खोला था. यादव ने तीसरे दौर में 74.09 मीटर का थ्रो फेंककर पदक हासिल किया. इसके साथ 19 वर्ष के यादव दो बार के ओलंपिक पदक विजेता नीरज चोपड़ा के बाद इस स्पर्धा में पदक जीतने वाले दूसरे भारतीय बन गए. चोपड़ा ने 2016 में पोलैंड में 86.48 मीटर के वर्ल्ड जूनियर रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण पदक जीता था. यह रिकॉर्ड आज भी उनके नाम है.
नीरज चोपड़ा ने भी इस युवा खिलाड़ी की उपलब्धि पर उन्हें बधाई दी. उन्होंने एक्स पर लिखा, ‘भारतीय खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा करते और जीतते देखना हमेशा शानदार अहसास होता है. एक भाला फेंक खिलाड़ी के तौर पर यह उपलब्धि मेरे लिए कुछ ज्यादा खास है. अंडर-20 विश्व चैंपियनशिप में सिल्वर मेडल जीतने पर आशीष मुझे तुम पर बेहद गर्व है, यह तो बस शुरुआत है!’






