30 Sep 2026, Wed

किच्छा-सिरौली कलां निकाय चुनाव को लेकर पुलिस अलर्ट

खबर शेयर करें-

किच्छा-सिरौली कलां निकाय चुनाव को लेकर पुलिस अलर्ट

 

स्ट्रांग रूम का डीएम-एसएसपी ने किया निरीक्षण, संवेदनशील क्षेत्रों में बढ़ाई सुरक्षा

रुद्रपुर। किच्छा एवं सिरौली कलां नगर पालिका निर्वाचन को लेकर ऊधमसिंहनगर पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए जिले में सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद किया गया है।

इसी क्रम में जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने स्ट्रांग रूम का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने चुनाव ड्यूटी में तैनात पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए चुनाव प्रक्रिया के दौरान पूरी सतर्कता बरतने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।

पुलिस के अनुसार, निर्वाचन को देखते हुए संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। साथ ही क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि किसी भी स्थिति में कानून-व्यवस्था प्रभावित न हो।

पुलिस प्रशासन ने चुनाव से जुड़े सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्धारित नियमों के अनुरूप निष्पक्षता और जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन का प्रयास है कि किच्छा एवं सिरौली कलां नगर पालिका चुनाव शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया जाए।

#UdhamsinghNagarPolice #KichhaElection #SirauliKalan #NikayChunav #ElectionSecurity