19 Jul 2026, Sun

परशुराम चौक पर पैदल यात्रियों के लिए खुला कट, फुट ओवरब्रिज बनने तक बनेगी जेब्रा क्रॉसिंग

खबर शेयर करें-

परशुराम चौक पर पैदल यात्रियों के लिए खुला कट, फुट ओवरब्रिज बनने तक बनेगी जेब्रा क्रॉसिंग

 

रुद्रपुर। नैनीताल हाईवे स्थित परशुराम चौक पर पैदल यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए महापौर विकास शर्मा ने महत्वपूर्ण पहल की है। सोमवार को नगर निगम की टीम, व्यापार मंडल और ब्राह्मण महासभा के पदाधिकारियों के साथ मौके का निरीक्षण कर उन्होंने फुट ओवरब्रिज बनने तक पैदल यात्रियों के लिए सुरक्षित कट खोलने और दोनों ओर जेब्रा क्रॉसिंग बनाने के निर्देश दिए। महापौर के निर्देश पर अस्थायी रूप से पैदल आवाजाही के लिए कट खोल दिया गया।

गौरतलब है कि यातायात को सुचारू बनाने के उद्देश्य से परशुराम चौक का कट बंद कर दिया गया था, जिससे स्कूली बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों, व्यापारियों और राहगीरों को हाईवे पार करने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। हाल ही में इसी स्थान के निकट सड़क पार कर रही एक महिला की जेसीबी की चपेट में आने से मौत के बाद लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता और बढ़ गई थी।

निरीक्षण के दौरान महापौर विकास शर्मा ने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि अस्थायी रूप से खोले गए कट को यू-शेप में विकसित किया जाएगा, ताकि वहां से केवल पैदल यात्री ही गुजर सकें और दोपहिया या अन्य वाहन प्रवेश न कर सकें। इससे दुर्घटनाओं की संभावना कम होगी।

महापौर ने बताया कि यह केवल अस्थायी व्यवस्था है। स्थायी समाधान के रूप में परशुराम चौक और सिंचाई विभाग कार्यालय के पास फुट ओवरब्रिज निर्माण के लिए एनएचएआई को प्रस्ताव भेजा गया है। परियोजना निदेशक से सकारात्मक सहमति मिल चुकी है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है।

उन्होंने कहा कि तेजी से विकसित हो रहे रुद्रपुर में विकास कार्यों के साथ नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना भी उतना ही आवश्यक है। फुट ओवरब्रिज बनने से स्कूली बच्चों, श्रमिकों, व्यापारियों, महिलाओं और बुजुर्गों को हाईवे पार करने में बड़ी राहत मिलेगी।

इस अवसर पर भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष सुनील ठुकराल, देवभूमि व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष गुरमीत सिंह, ब्राह्मण महासभा अध्यक्ष मुकेश वशिष्ठ सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

#रुद्रपुर #परशुराम_चौक #महापौर_विकास_शर्मा #पैदल_यात्री_सुरक्षा #जेब्रा_क्रॉसिंग #फुटओवरब्रिज #NHAI #उत्तराखंड #नगर_निगम #सड़क_सुरक्षा