3 Jun 2026, Wed

मदर्स डे पर छलका अपनापन: प्रिया शर्मा और उनकी टीम ने वृद्ध महिलाओं के चेहरों पर बिखेरी मुस्कान

खबर शेयर करें-

मदर्स डे पर छलका अपनापन: प्रिया शर्मा और उनकी टीम ने वृद्ध महिलाओं के चेहरों पर बिखेरी मुस्कान

 

रुद्रपुर। मदर्स डे के खास मौके पर रुद्रपुर की समाजसेवी प्रिया शर्मा और उनकी टीम अजमेरा ट्रेंड्स, दुर्गा मंदिर गली ने ऐसा भावुक और यादगार आयोजन किया, जिसने हर किसी का दिल छू लिया।

 

 

जहां आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में बुजुर्ग अक्सर अकेलेपन और उपेक्षा का दर्द झेलते हैं, वहीं प्रिया शर्मा ने वृद्धाश्रम में रहने वाली मातृशक्ति को अपनेपन का एहसास दिलाकर इस दिन को उनके लिए खास बना दिया।

प्रिया शर्मा और उनकी टीम ने वृद्ध महिलाओं को अपने प्रतिष्ठान अजमेरा ट्रेंड्स में आमंत्रित कर उनके साथ नाच-गाने, मनोरंजक प्रतियोगिताओं और हंसी-खुशी से भरे कार्यक्रमों का आयोजन किया। पूरे माहौल में ऐसा अपनापन और स्नेह घुला हुआ था कि बुजुर्ग महिलाओं के चेहरे लंबे समय बाद खिलखिलाती मुस्कान से चमक उठे।

कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने गीत-संगीत पर जमकर आनंद लिया। कई माताओं ने अपने जीवन के अनुभव साझा किए तो कई की आंखें खुशी से नम हो गईं। प्रतियोगिताओं में विजेता महिलाओं को नगद राशि और आकर्षक पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

इसके साथ ही स्वादिष्ट भोजन और जलपान की भी सुंदर व्यवस्था की गई। कार्यक्रम के अंत में सभी महिलाओं ने एक-दूसरे से परिचय कर अपने सुख-दुख साझा किए, जिससे पूरा माहौल परिवार जैसा भावुक और आत्मीय बन गया।

समाजसेवी प्रिया Sharma ने कहा कि “मां केवल एक रिश्ता नहीं, बल्कि त्याग, ममता और आशीर्वाद का दूसरा नाम है। अगर हमारे छोटे से प्रयास से किसी मां के चेहरे पर मुस्कान आती है, तो यही हमारे लिए सबसे बड़ा सम्मान है।”

इस अनोखे आयोजन ने यह संदेश दिया कि बुजुर्गों को केवल सहारे की नहीं, बल्कि प्यार, सम्मान और अपनेपन की जरूरत होती है। मदर्स डे पर किया गया यह प्रयास लोगों के दिलों को छू गया और समाज के लिए एक प्रेरणा बन गया।