रुद्रपुर में स्पा सेंटर पर AHTU का छापा, देह व्यापार रैकेट का भंडाफोड़
तीन आरोपी गिरफ्तार, चार महिलाओं को रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थान पर भेजा गया
रुद्रपुर।
शहर में अवैध गतिविधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) ने सिविल लाइंस क्षेत्र के पास स्थित सन सिटी कॉम्प्लेक्स में चल रहे एक स्पा सेंटर पर छापेमारी की। इस दौरान लंबे समय से चल रही संदिग्ध गतिविधियों का खुलासा हुआ, जिसमें देह व्यापार के एक संगठित रैकेट का पर्दाफाश किया गया।
AHTU की टीम ने मौके से स्पा संचालक सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, छापेमारी के दौरान चार महिलाओं को रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थान पर भेजा गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि उक्त स्पा सेंटर की आड़ में अनैतिक गतिविधियां संचालित की जा रही थीं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस कार्रवाई की तैयारी काफी समय से की जा रही थी और लगातार मिल रही शिकायतों के आधार पर यह छापा मारा गया। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है, जिससे इस रैकेट से जुड़े अन्य लोगों के नाम सामने आने की संभावना है।
AHTU की इस कार्रवाई से शहर में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने की दिशा में एक सख्त संदेश गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस तरह के अवैध कारोबार के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान जारी रहेगा।






