पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन, शुभेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री पद की ली शपथ
कोलकाता। पश्चिम बंगाल की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के वरिष्ठ नेता शुभेंदु अधिकारी ने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण कर ली। उन्होंने बांग्ला भाषा में पद एवं गोपनीयता की शपथ ली।
शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह सहित बीजेपी के कई वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे। समारोह के दौरान पूरे परिसर में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद शुभेंदु अधिकारी ने राज्य के विकास, सुशासन और कानून व्यवस्था को मजबूत करने का संकल्प दोहराया। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार पश्चिम बंगाल को नई दिशा देने और जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए काम करेगी।
राजनीतिक जानकारों के अनुसार, पश्चिम बंगाल में यह सत्ता परिवर्तन राज्य की राजनीति में एक बड़ा मोड़ माना जा रहा है। बीजेपी कार्यकर्ताओं ने इस मौके पर जश्न मनाते हुए इसे “नए बंगाल की शुरुआत” बताया।






