20 Jul 2026, Mon

तमाम पेपर लीक पर बरसी कांग्रेस, कहा- ‘युवाओं के सवालों से बच रही सरकार, अंधकार में डाला भविष्य’

खबर शेयर करें-

तमाम पेपर लीक पर बरसी कांग्रेस, कहा- ‘युवाओं के सवालों से बच रही सरकार, अंधकार में डाला भविष्य’

 

 

 

देहरादून में कांग्रेस ने प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक और अनियमिताओं का आरोप लगाते हुए सरकार को घेरा, युवाओं के भविष्य के साथ बताया अन्याय

 

देहरादून: भले ही नीट यूजी का दोबारा एग्जाम करा लिया गया हो, लेकिन कांग्रेस इस मुद्दे को भुनाने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ रही है. कांग्रेस ने देशभर में नीट समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक और अनियमिताओं का आरोप लगाते हुए सरकार पर जमकर निशाना साधा है. देहरादून में जिला कांग्रेस कमेटी ने शिक्षा व्यवस्था में भ्रष्टाचार पेपर लीक और भर्ती परीक्षाओं में देरी को लेकर सरकार को घेरा है.

 

युवाओं के सवालों से बच रही सरकार: कांग्रेस का कहना है कि सरकार युवाओं के सवालों का जवाब देने से बच रही है. जबकि, इसकी जबावदेही होनी चाहिए थी. कांग्रेसी नेताओं ने कहा कि साल की मेहनत और सुनहरे सपने देखने वाले युवा परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, लेकिन बार-बार पेपर लीक होने से उनका भविष्य अंधकारमय होता जा रहा है.

 

पेपर लीक से युवा झेल रहे तनाव और परेशानी: परीक्षाओं के निरस्तीकरण और भर्ती प्रक्रियाओं में हो रहे विलंब के कारण युवाओं को मानसिक तनाव एवं असुरक्षा का सामना करना पड़ रहा है. कांग्रेस का कहना है कि देशभर में नकल माफिया हावी हैं, और भ्रष्टाचार चरम पर है. जिस कारण युवाओं का सरकारी नौकरी और परीक्षा प्रणाली से लगातार विश्वास उठता जा रहा है.

 

देहरादून की होनहार बेटी ने भी दी जान: कांग्रेस ने देहरादून की छात्रा रिया थापा का जिक्र करते हुए कहा कि दून की एक होनहार बेटी ने मानसिक तनाव के चलते अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली. कांग्रेस ने आरोप लगाया कि आज स्थिति ऐसी है कि मेहनत करने वाले युवाओं को अपनी योग्यता से ज्यादा सिस्टम की विफलताओं से लड़ना पड़ रहा है.

 

युवाओं के भविष्य के साथ अन्याय: कांग्रेस का कहना है कि ये सब केवल प्रशासनिक विफलता नहीं बल्कि, युवाओं के भविष्य के साथ अन्याय है. जब बार-बार परीक्षाएं रद्द होती है, प्रश्न पत्र लीक होते हैं और नकल माफिया सक्रिय रहते हैं, तब युवाओं के मन में यह भावना पैदा होती है कि मेहनत और प्रतिभा का कोई मूल्य नहीं रह गया है.

 

लाखों युवाओं का टूट रहा मनोबल: यही कारण है कि सरकारी संस्थाओं की विश्वसनीयता कमजोर हो रही है और लाखों युवाओं का मनोबल टूट रहा है. एक तरफ प्रदेश में बीजेपी सरकार सख्त नकल विरोधी कानून की बात करती है और दूसरी तरफ तमाम परीक्षा का पेपर भी लीक हो जाता है.

 

“साल 2017 से अब तक बीजेपी सरकार एक भी पेपर ऐसा नहीं करा पाई है, जिसमें धांधली ना हुई हो. इसकी सबसे बड़ी वजह पेपर लीक मामले में आरोपियों की सरकार की कमजोर पैरवी की वजह से रिहा होना है.”- प्रतिमा सिंह, प्रदेश प्रवक्ता, कांग्रेस