रुद्रपुर: क्रिम्सन वर्ल्ड स्कूल विवाद में कूदे पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल, बीच सत्र में स्कूल बंद करने के फैसले का किया विरोध

रुद्रपुर। शिमला पिस्तौर स्थित क्रिम्सन वर्ल्ड स्कूल में पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने पहुंचकर अभिभावकों और स्कूल प्रबंधन से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने मुख्य शिक्षा अधिकारी (सीईओ) को पूरे मामले से अवगत कराते हुए कहा कि बीच शैक्षणिक सत्र में स्कूल बंद करना किसी भी स्थिति में उचित नहीं है।

ठुकराल ने मांग की कि स्कूल प्रबंधन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने आवश्यक कदम नहीं उठाए, तो वह स्वयं स्कूल प्रबंधन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराएंगे।

पूर्व विधायक ने कहा कि स्कूल प्रबंधन की हठधर्मिता और गंभीर लापरवाही के कारण लगभग 400 छात्र-छात्राओं का भविष्य संकट में पड़ गया है, वहीं 80 से अधिक शिक्षक-शिक्षिकाओं और अन्य कर्मचारियों के रोजगार पर भी खतरा मंडरा रहा है।
उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर स्कूल प्रबंधन को बीच सत्र में स्कूल बंद करने का अधिकार किसने दिया। ठुकराल ने स्कूल प्रबंधन से तत्काल अपना निर्णय वापस लेने और छात्रों व कर्मचारियों के हित में सकारात्मक कदम उठाने की अपील की।
#रुद्रपुर #क्रिम्सन_वर्ल्ड_स्कूल #राजकुमार_ठुकराल #शिक्षा #अभिभावक #स्कूल_विवाद #उत्तराखंड #रुद्रपुर_समाचार






