1 Mar 2026, Sun

प्रेम प्रसंग का मामला पहुंचा थाने

खबर शेयर करें-

 हरिद्वार की एक महिला की इंस्टाग्राम पर एक युवक से दोस्ती हुई.

धीरे-धीरे प्रेम प्रसंग तक मामला पहुंचा और महिला शादी के बाद प्रेमी के घर रहने पहुंच गई. परिजनों को मामले की जानकारी हुई तो जमकर हंगामा हुआ. मान मनौवल के बाद महिला को मनाया गया और वापस घर भेजा गया. अब मामले को लेकर शहर में जमकर चर्चा हो रही है.

जानकारी के मुताबिक, हरिद्वार निवासी युवती की करीब छह माह पहले इंस्टाग्राम पर क्षेत्र के एक युवक से जान-पहचान हुई थी. दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और मुलाकातें भी शुरू हो गईं. इसी बीच युवती की शादी किसी अन्य युवक से करा दी गई. विवाहिता होने के बावजूद वह इंस्टाग्राम वाले युवक से संपर्क में बनी रही और बातचीत करती रही.

इसी बीचत एक दिन विवाहिता अपना ससुराल और पति को छोड़ प्रेमी के गांव पहुंच गई और उसके घर में रहने लगी. प्रेमी के परिजनों ने उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन महिला नहीं मानी. मामले की जानकारी मिलते ही विवाहिता के मायके और ससुराल पक्ष के लोग भी गांव पहुंच गए. दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक बातचीत हुई. ग्रामीणों और परिजनों के समझाने के बाद विवाहिता को किसी तरह वापस भेजा गया.

भिक्कमपुर चौकी इंचार्ज वीरेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस ने मौके पर जाकर स्थिति की जानकारी ली. यह आपसी पारिवारिक मामला था, जिसमें दोनों पक्षों की सहमति से महिला को सुरक्षित उसके परिजनों के साथ भेज दिया गया है. फिलहाल किसी पक्ष से कोई तहरीर नहीं दी गई है.

मर्डर मामले पर आरोपी गिरफ्तार: देहरादून में गैर इरादतन हत्या में फरार 5 हजार के इनामी आरोपी को कोतवाली पटेल नगर पुलिस ने पटेल नगर क्षेत्र से गिरफ्तार किया. आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयोग पिस्टल को बरामद किया. दोस्तों के साथ बर्थडे पार्टी के दौरान अवैध पिस्टल का प्रदर्शन करते समय आरोपी से गोली चल गई थी और गोली लगने से आरोपी के एक साथी की मौत हो गई थी. घटना के बाद से ही आरोपी लगातार फरार चल रहा था. पुलिस द्वारा न्यायालय से कुर्की वारंट प्राप्त कर आरोपी के घर की कुर्की की गई थी. आरोपी के लगातार फरार चलने पर एसएसपी ने आरोपी की गिरफ्तारी पर पांच हजार रुपए का इनाम घोषित किया था.

20 मई को पीड़ित अमन गिरी कोतवाली पटेल नगर में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके भाई सागर की अमन द्वारा गोली मारकर हत्या कर दी गई है. तहरीर के आधार पर कोतवाली पटेल नगर देहरादून पर मुकदमा दर्ज किया गया था. जिसके बाद पुलिस द्वारा घटना की जांच के दौरान घटना के समय मौके पर मौजूद मृतक के अन्य दोस्तों से पूछताछ में जानकारी मिली कि घटना के दिन मृतक सागर और उसके अन्य दोस्त पार्टी कर रहे थे. जिसमें अमन भी मौजूद था.

इस दौरान अमन ने अपने साथियों पर धौंस जमाने के लिए अपने पास रखी अवैध पिस्टल निकाल कर शो ऑफ करने लगा. इसी बीच पिस्टल से छेड़छाड़ के दौरान अमन से अचानक गोली चल गई जो उसके पास ही खड़े सागर को लग गई. जिससे सागर मौके पर ही गिर गया और अमन घबराकर मौके से फरार हो गया. घटना के समय मौके पर मौजूद चश्मदीदों के बयानों और प्राप्त अन्य साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे को गैर इरादतन हत्या में दर्ज किया गया.

घटना के बाद से ही आरोपी अमन अपनी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार फरार चल रहा था. जिसका पुलिस ने न्यायालय से गैर जमानती वारंट प्राप्त करते हुए उसके सभी संभावित स्थानों पर दबिश दी थी. लेकिन आरोपी अपनी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था. जिस पर पुलिस टीम ने न्यायालय से आरोपी के घर का कुर्की वारंट प्राप्त कर उसके घर की कुर्की की गई थी. साथ ही आरोपी के लगातार फरार चलने पर एसएसपी ने आरोपी अमन की गिरफ्तारी पर 5 हजार रुपए का ईनाम भी घोषित किया था.

कोतवाली पटेल नगर प्रभारी चंद्रभान अधिकारी ने बताया कि आरोपी अमन की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम द्वारा लगातार तलाश के दौरान मुखबिर के माध्यम से जानकारी प्राप्त की जा रही थी. पुलिस द्वारा लगातार किए जा रहे प्रयासों से मुखबिर की सूचना पर आरोपी अमन निवासी शिमला बाईपास रोड को पटेल नगर क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया. साथ ही जिसके पास से घटना में प्रयोग असलहा 1 पिस्टल बरामद किया गया. पुलिस द्वारा आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेजा गया है.