रेरा में व्यापक सुधारों की तैयारी, समीक्षा बैठक में कई अहम बिंदुओं पर चर्चा
देहरादून। उत्तराखण्ड रियल एस्टेट विनियामक प्राधिकरण (रेरा) की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जनहितैषी बनाने की दिशा में व्यापक सुधारों की तैयारी शुरू हो गई है। इस संबंध में सचिव आवास एवं राज्य सम्पत्ति डॉ. आर. राजेश कुमार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में रेरा की वर्तमान कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए परियोजनाओं के पंजीकरण, शिकायतों के त्वरित निस्तारण, पारदर्शिता बढ़ाने तथा आम नागरिकों और निवेशकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक सुधारों पर विस्तार से चर्चा की गई।
सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि रेरा की प्रक्रियाओं को अधिक सरल, जवाबदेह और समयबद्ध बनाया जाए, ताकि प्रदेश में रियल एस्टेट क्षेत्र में पारदर्शिता बढ़े और खरीदारों के हितों का प्रभावी संरक्षण सुनिश्चित हो सके।
बैठक में संबंधित अधिकारियों ने विभिन्न सुधारात्मक प्रस्ताव प्रस्तुत किए, जिन पर शीघ्र अमल की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने पर सहमति बनी। सरकार का उद्देश्य रेरा को अधिक सशक्त एवं प्रभावी बनाकर प्रदेश में सुव्यवस्थित और विश्वसनीय रियल एस्टेट व्यवस्था स्थापित करना है।






