18 Aug 2026, Tue

गूलरभोज प्रकरण पर महापौर विकास शर्मा का बयान, निष्पक्ष जांच की मांग

खबर शेयर करें-

गूलरभोज प्रकरण पर महापौर विकास शर्मा का बयान, निष्पक्ष जांच की मांग

 

 

रुद्रपुर। गूलरभोज में 15 अगस्त को हुई घटना को लेकर रुद्रपुर के महापौर विकास शर्मा ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने मामले को गंभीर बताते हुए प्रशासन से निष्पक्ष और गहन जांच कराने तथा दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की।

 

महापौर ने आरोप लगाया कि मामले में दूसरे समुदाय के युवक की गतिविधियों को लेकर पहले से कुछ कार्यकर्ताओं को जानकारी थी और इसी आधार पर उस पर नजर रखी जा रही थी। उनका दावा है कि घटना के दौरान वीडियो रिकॉर्डिंग भी की गई तथा युवक के मोबाइल फोन से कथित आपत्तिजनक चैट, फोटो और वीडियो मिलने की बात सामने आई है। महापौर ने कहा कि इन डिजिटल साक्ष्यों की वास्तविकता और प्रामाणिकता की जांच सक्षम एजेंसी से कराई जानी चाहिए।

 

उन्होंने घटना को ‘लव जिहाद’ से जोड़ते हुए कहा कि किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले उपलब्ध वीडियो, डिजिटल साक्ष्य, मेडिकल रिपोर्ट, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य तथ्यों की निष्पक्ष जांच जरूरी है।

 

महापौर के अनुसार, युवक को पकड़े जाने के बाद कुछ कार्यकर्ता उसे दिनेशपुर थाने ले जा रहे थे। रास्ते में उसके भागने के प्रयास के बाद छह नंबर गांव के पास भीड़ जुट गई, जहां युवक के साथ मारपीट होने की बात भी सामने आई। महापौर ने कहा कि पूरे घटनाक्रम की जांच कर यह स्पष्ट किया जाना चाहिए कि मारपीट किन परिस्थितियों में हुई और इसमें कौन लोग शामिल थे।

 

युवक की ओर से बाद में लगाए गए कथित शोषण के आरोपों पर भी महापौर ने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि युवक के आरोपों की भी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और मेडिकल जांच व रिपोर्ट की प्रक्रिया को लेकर उठे सवालों का भी तथ्यात्मक परीक्षण किया जाना चाहिए।

 

महापौर ने किसी प्रभावशाली व्यक्ति के मामले में हस्तक्षेप या संरक्षण की आशंका जताते हुए कहा कि यदि जांच में किसी व्यक्ति द्वारा किसी पक्ष को प्रभावित करने, गलत बयान के लिए उकसाने या कानूनी कार्रवाई को प्रभावित करने का प्रयास सामने आता है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई होनी चाहिए।

 

उन्होंने कहा कि किसी भी पक्ष को केवल आरोपों के आधार पर दोषी या निर्दोष नहीं माना जाना चाहिए। पुलिस और जांच एजेंसियों को सभी उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष तरीके से मामले की सच्चाई सामने लानी चाहिए।

 

महापौर विकास शर्मा ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में प्रशासन को गंभीरता से कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

 

#Rudrapur #Gularbhoj #VikasSharma #UttarakhandNews #SamwadNews9