भारतीय वायु सेना में चयनित सिद्धांत गुप्ता का विधायक बेहड़ ने किया सम्मान, जनसंवाद में सुनीं क्षेत्रवासियों की समस्याएं

किच्छा विधायक तिलक राज बेहड़ ने बलवंत कॉलोनी निवासी श्री सुधीर कुमार गुप्ता के निवास पर पहुंचकर उनके पुत्र सिद्धांत गुप्ता को भारतीय वायु सेना में चयनित होने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर विधायक बेहड़ ने सिद्धांत को मिठाई खिलाकर, पुष्पगुच्छ भेंट कर तथा शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।

विधायक बेहड़ ने कहा कि सिद्धांत गुप्ता ने अपनी मेहनत, लगन और अनुशासन के बल पर भारतीय वायु सेना में चयनित होकर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे किच्छा क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायक है तथा उनसे प्रेरणा लेकर अन्य युवा भी अपने जीवन में बड़े लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें प्राप्त करने का प्रयास करें। विधायक बेहड़ ने सिद्धांत के माता-पिता को भी बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस दौरान नगर कांग्रेस अध्यक्ष उपेंद्र चौधरी, दर्शन कोली, रंजीत कुमार सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

इसके उपरांत विधायक तिलक राज बेहड़ ने अपने कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक जनसंवाद कार्यक्रम में क्षेत्रवासियों की समस्याएं सुनीं। जनसंवाद के दौरान शांतिपुरी निवासी वीरेंद्र सिंह कोरंगा ने भूमि कटाव रोकने के लिए आरसीसी सुरक्षा दीवार निर्माण की मांग रखी, जबकि वार्ड नंबर-1 चुटकी देवरिया के निवासियों ने सड़क निर्माण कराए जाने की मांग की तथा तथा नोगवा निवासी सराफ अहमद ने गाँव निब बस्ती के पास सडक निर्माण की मांग रखी |
जनसंवाद कार्यक्रम में विधायक बेहड़ ने प्राप्त अधिकांश समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया तथा शेष समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकता है और इसी उद्देश्य से नियमित रूप से जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि आमजन की समस्याओं का प्रभावी ढंग से निराकरण हो सके।






