ओवरस्पीड स्कॉर्पियो की टक्कर से तीन युवकों की दर्दनाक मौत, 50 मीटर तक घसीटी स्कूटी
हल्द्वानी। शहर में एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां ओवरस्पीड स्कॉर्पियो की टक्कर से स्कूटी सवार तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना से इलाके में हड़कंप मच गया और लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, काली स्कॉर्पियो (UK04AH3738) में सवार युवक कथित रूप से तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चला रहा था। इसी दौरान हल्द्वानी की ओर जा रही स्कूटी (UK06BC8764) को उसने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी स्कॉर्पियो के नीचे चेसिस में फंस गई और करीब 50 मीटर तक घसीटती चली गई।
हादसे में स्कूटी सवार तीनों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना को देख राहगीरों के होश उड़ गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों/मृतकों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, साथ ही परिजनों को भी घटना की जानकारी दी गई।
पुलिस ने आरोपी वाहन और उसमें सवार लोगों को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। हालांकि, घटना को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश है और वे दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
अब देखना होगा कि इस मामले में मृतकों के परिजनों को न्याय मिल पाता है या नहीं। वहीं, इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार पर नियंत्रण को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।






