19 Oct 2026, Mon

सीएम का विरोध करने जा रहे जनप्रतिनिधि गिरफ्तार

खबर शेयर करें-

सीएम का विरोध करने जा रहे जनप्रतिनिधि गिरफ्तार

 

 

 

रामनगर। मुख्यमंत्री के नैनीताल दौरे के दौरान विरोध प्रदर्शन की तैयारी कर रहे रामनगर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और उनके समर्थकों को पुलिस ने बेलपड़ाव क्षेत्र में रोककर हिरासत में ले लिया। प्रदर्शनकारी मोहान स्थित इंडियन मेडिसिन्स फार्मास्युटिकल कॉर्पाेरेशन लिमिटेड (आईएमपीसीएल) के निजीकरण के विरोध में मुख्यमंत्री तक अपनी बात पहुंचाने के लिए भीमताल जा रहे थे।

 

शुक्रवार को ब्लॉक प्रमुख मंजू नेगी, ज्येष्ठ ब्लॉक प्रमुख संजय नेगी तथा उनके समर्थक सिर पर काली पट्टðी बांधकर और हाथों में काले गुब्बारे लेकर मुख्यमंत्री के कार्यक्रम स्थल की ओर रवाना हुए थे। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि आईएमपीसीएल आयुर्वेदिक दवा फैक्ट्री को निजी हाथों में सौंपने का निर्णय कर्मचारियों और स्थानीय लोगों के हितों के खिलाफ है। पुलिस ने एहतियातन कार्रवाई करते हुए सभी को बेलपड़ाव क्षेत्र में ही रोक लिया और हिरासत में ले लिया।

 

ज्येष्ठ ब्लॉक प्रमुख संजय नेगी ने कहा कि आईएमपीसीएल केवल एक औद्योगिक इकाई नहीं, बल्कि हजारों परिवारों की आजीविका और क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों का आधार है। उन्होंने आरोप लगाया कि फैक्ट्री के निजीकरण से वर्षों से कार्यरत कर्मचारियों के भविष्य पर संकट खड़ा हो गया है और स्थानीय लोगों की भावनाओं को भी ठेस पहुंची है। उन्होंने कहा कि कर्मचारी लंबे समय से आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी मांगों पर कोई सकारात्मक पहल नहीं कर रही है।

 

संजय नेगी ने दावा किया कि नैनीताल और अल्मोड़ा जिलों के कई जनप्रतिनिधि भी इस फैसले का विरोध कर रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार को इस मुद्दे पर अपना स्पष्ट रुख सामने लाना चाहिए। संजय नेगी ने चेतावनी दी कि जब तक केंद्र और राज्य सरकार आईएमपीसीएल के निजीकरण का निर्णय वापस नहीं लेती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि कर्मचारी, जनप्रतिनिधि और आम जनता इस मुद्दे पर एकजुट हैं और लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध दर्ज कराते रहेंगे।

 

मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान हुई इस कार्रवाई के बाद आईएमपीसीएल निजीकरण का मुद्दा और अधिक चर्चा में आ गया है। क्षेत्र में विरोध लगातार तेज हो रहा है और आने वाले दिनों में आंदोलन के और व्यापक होने की संभावना जताई जा रही है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement