बीस सूत्री कार्यक्रम एवं क्रियान्वयन समिति के उपाध्यक्ष रामपाल सिंह ने संभाला कार्यभार
देहरादून। बीस सूत्री कार्यक्रम एवं क्रियान्वयन समिति के नवनियुक्त उपाध्यक्ष एवं पूर्व मेयर रुद्रपुर रामपाल सिंह ने शनिवार को समिति कार्यालय में अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया। इस दौरान समिति के अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने उनका स्वागत कर शुभकामनाएं दीं।


कार्यभार ग्रहण करने के बाद रामपाल सिंह ने कहा कि बीस सूत्रीय कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सरकार की विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि समिति यह सुनिश्चित करेगी कि केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं प्रभावी ढंग से धरातल पर लागू हों तथा पात्र लोगों को उनका पूरा लाभ मिले।

उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों की नियमित समीक्षा की जाएगी और योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता एवं जवाबदेही को प्राथमिकता दी जाएगी।

इस अवसर पर बीस सूत्री कार्यक्रम एवं क्रियान्वयन समिति के उपाध्यक्ष ज्योति प्रसाद गैरोला, रुद्रपुर के महापौर विकास शर्मा, समिति के निदेशक सुशील कुमार, संयुक्त निदेशक टी.एस. अन्ना सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं अधिकारी उपस्थित रहे।






