किच्छा, प्रियंका गांधी की जेठानी के फार्म पर बवाल, विधायक बेहड़ धरने पर बैठे, आत्मदाह की दी चेतावनी।

किच्छा। उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले में पिपलिया क्षेत्र में खान फार्म पर प्रियंका वाड्रा की जेठानी और उनकी बुआ के बीच चल रहा विवाद गर्मा गया। बुधवार को एक पक्ष को फार्म पर कब्जा दिलाने कोतवाली पहुंचे विधायक तिलक राज बेहड़ को प्रशासन द्वारा न्यायालय के आदेश का हवाला दिया तो वह भड़क उठे।

वह कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ कब्जा दिलाने मौके पर पहुंच गए। टकराव की स्थिति के चलते पुलिस फोर्स तैनात कर फार्म का गेट बंद कर देने पर पुलिस पर गुंडों को संरक्षण देने का आरोप लगा धक्कामुक्की व झड़प के बाद विधायक बेहड़ फार्म के गेट पर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए। इस दौरान उन्होंने आत्मदाह की भी चेतावनी दी, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। कहा कि भूमि घोटालों के विरुद्ध प्रदेशव्यापी आंदोलन किया जाएगा।

पिपलिया क्षेत्र में स्व. कुलसुम खान का आठ एकड़ भूमि का खान फार्म है। जिस पर कब्जे को लेकर उनकी भतीजी, कांग्रेस सांसद प्रियंका वाड्रा की जेठानी व स्व. रिचर्ड वाड्रा की पत्नी सायरा वाड्रा और बहन नसरीन सांगा के बीच विवाद चल रहा है।
सायरा वाड्रा फार्म पर अपना अधिकार बता रही हैं। वहीं खान फार्म पर काबिज नसरीन सांगा हैं। सायरा वाड्रा का कहना है कि भूमि पर उनका कब्जा था, कोर्ट ने उस पर स्टे देकर यथास्थिति बनाए रखने का आदेश दे रखा है। बावजूद इसके विपक्षी पक्ष द्वारा फार्म पर जबरन कब्जा कर लिया गया है।
बुधवार शाम विधायक बेहड़ ने सायरा वाड्रा के साथ कोतवाली पहुंच कुछ लोगों द्वारा फार्म पर कब्जा करने का आरोप लगा कार्रवाई की मांग की। कोतवाली में इस दौरान भूमि संबंधित मामला होने पर न्यायालय के आदेश की बात प्रशासन व पुलिस द्वारा बोले जाने पर माहौल गर्मा गया।
भड़के विधायक बेहड़ पुलिस-प्रशासन पर जबरन कब्जा करवाने का आरोप लगा कार्यकर्ताओं के साथ फार्म पर पहुंच गए। टकराव की आशंका के चलते सितारगंज हाईवे से लगे फार्म का गेट बंद कर पुलिस फोर्स तैनात कर दिया गया। विधायक बेहड़ जब कार्यकर्ताओं के साथ पहुंचे तो उन्होंने गेट खुलवाने का प्रयास किया।
इस दौरान उनकी पुलिस से नोकझोंक भी हुई। पुलिस से झड़प के बाद विधायक बेहड़ कार्यकर्ताओं के साथ गेट के सामने ही धरने पर बैठ गए। प्रशासन ने उनको मनाने का भरसक प्रयास किया, परंतु वह फार्म के अंदर कब्जा कर बैठे लोगों को बाहर निकालने की मांग पर अड़े रहे। जिसके चलते प्रशासन के साथ लगातार उनकी वार्ता सिरे नहीं चढ़ पाई।
विधायक बेहड़ ने अनिश्चितकालीन धरने का एलान किया तो किच्छा के कार्यकर्ता उनके साथ पिपलिया स्थित फार्म पर पहुंच गए। विधायक बेहड़ के धरने पर बैठने की जानकारी मिलते ही सितारगंज, रुद्रपुर, गदरपुर व बाजपुर क्षेत्र के कार्यकर्ता भी वहां पहुंच गए। रुद्रपुर से पहुंचे पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल, कांग्रेस जिलाध्यक्ष हिमांशु गाबा, बाजपुर से पहुंचे वरिष्ठ नेता हरेंद्र सिंह लाडी सहित तमाम बड़े नेता विधायक बेहड़ के साथ धरने पर बैठ गए।






