ग्रामीण जनसंवाद के तहत छह ग्रामों में सुनीं जनसमस्याएं, शिमला पिस्तौर-कुरैया मोटर मार्ग पर शीघ्र होगा निर्माण कार्य प्रारंभ : बेहड़
किच्छा विधायक तिलक राज बेहड़ ने ग्रामीण जनसंवाद कार्यक्रम के तहत ग्राम सैंजना, छिनकी, कुरैया, चकोनी, मिलक एवं पक्की खमरिया में पहुंचकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं तथा उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान ग्रामीणों ने सड़क, पेयजल, विद्युत, नाली निर्माण, पेंशन, राशन कार्ड एवं अन्य जनसमस्याओं को विधायक के समक्ष रखा।
जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान विधायक तिलक राज बेहड़ ने ग्रामीणों को बताया कि उनके प्रयासों से शिमला पिस्तौर-कुरैया मोटर मार्ग के पुनर्निर्माण एवं सुधार कार्य की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है तथा इस महत्वपूर्ण परियोजना पर शीघ्र निर्माण कार्य प्रारंभ कराया जाएगा। लगभग 8.960 किलोमीटर लंबे इस मार्ग का निर्माण 19 करोड़ 40 लाख 62 हजार रुपये की लागत से किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस सड़क के निर्माण से शिमला पिस्तौर, कुरैया, सैंजना, छिनकी, चकोनी तथा आसपास के अनेक गांवों के हजारों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। किसानों को अपनी फसल मंडियों तक पहुंचाने में सुविधा होगी, विद्यार्थियों को विद्यालय एवं महाविद्यालय आने-जाने में राहत मिलेगी तथा क्षेत्रवासियों को स्वास्थ्य एवं अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंच आसान होगी। विधायक बेहड़ ने यह भी आश्वस्त किया कि इसी वित्तीय वर्ष इन ग्रामों में कई छोटी संपर्क एवं आंतरिक सड़कों का निर्माण एवं मरम्मत कार्य भी कराया जाएगा, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों की सड़क व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ हो सके।
इस अवसर पर विधायक तिलक राज बेहड़ ने कहा कि “जनता ने मुझे अपना प्रतिनिधि बनाकर जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसका निर्वहन करना मेरा कर्तव्य है। ग्रामीण जनसंवाद कार्यक्रम के माध्यम से मैं स्वयं गांव-गांव पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुन रहा हूं और उनका समाधान सुनिश्चित कराने का प्रयास कर रहा हूं। क्षेत्र के विकास और जनहित से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जनता की समस्याओं का समाधान और क्षेत्र का विकास ही मेरी प्राथमिकता है।”
उन्होंने कहा कि जनसंवाद कार्यक्रम का उद्देश्य जनता और जनप्रतिनिधि के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है, जिससे समस्याओं का समाधान समयबद्ध रूप से सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसंवाद के दौरान प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए तथा विकास कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता बनाए रखी जाए।
ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं को गंभीरता से सुनने एवं उनके समाधान के लिए सकारात्मक पहल करने पर विधायक बेहड़ का आभार व्यक्त किया। साथ ही शिमला पिस्तौर-कुरैया मोटर मार्ग के निर्माण कार्य के शीघ्र प्रारंभ होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विधायक बेहड़ का धन्यवाद किया
इस दौरान जिला पंचायत सदस्य सर्वेश सिंह, गुरदास कालड़ा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष गुलशन सिंधी, दलजीत सिंह, किन्नू शुक्ला, मुख्तियार अहमद, तौकीर अहमद, विजय यादव, राजेश प्रताप सिंह, दर्शन कोहली, तारिक अहमद, नासिर खान, ग्राम प्रधान राजेंद्र सिंह, क्षेत्र पंचायत सदस्य शुभम सुखीजा, परमजीत मुटनेजा, हरविंदर सिंह मोंटी, त्रिलोक चुघ, डॉ. हरभगवान रहेजा, रिशु सलूजा, अमन परूथी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।






