19 Oct 2026, Mon

उत्तराखंड सरकार का सख्त रुख… एंजेल चकमा के परिवार को न्याय दिलाने का वादा

खबर शेयर करें-
  • उत्तराखंड सरकार का सख्त रुख… एंजेल चकमा के परिवार को न्याय दिलाने का वादा

 

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में बीते दिनों त्रिपुरा के छात्र एंजेल चकमा की निर्मम हत्या ने पूरे राज्य और समाज में गहरा शोक और आक्रोश पैदा कर दिया। इस मामले में अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि एक अन्य आरोपी नेपाल फरार होने की आशंका है। मृतक छात्र का अंतिम संस्कार 27 दिसंबर को त्रिपुरा में कर दिया गया।

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को एंजेल चकमा के पिता, तरुण प्रसाद चकमा से फोन पर बातचीत कर बेटे की हत्या पर गहरा शोक व्यक्त किया। सीएम ने आश्वस्त किया कि इस जघन्य अपराध में शामिल सभी दोषियों को कानून के तहत कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाएगी।

धामी ने बताया कि पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि फरार आरोपी को पकड़ने के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं और उस पर इनाम भी घोषित किया गया है। सीएम ने कहा कि वे इस घटना से व्यक्तिगत रूप से बेहद आहत हैं और पीड़ित परिवार के दुःख को पूरी तरह समझते हैं।

सीएम ने कहा कि उत्तराखंड शांतिप्रिय प्रदेश है, जहां देश-विदेश से छात्र शिक्षा ग्रहण करने आते हैं। ऐसे अपराध न केवल प्रदेश बल्कि पूरे समाज के लिए पीड़ादायक हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि राज्य सरकार दोषियों के खिलाफ किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं करेगी और सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

सीएम ने बताया कि घटना के बाद उन्होंने त्रिपुरा के मुख्यमंत्री डॉ. माणिक साहा के साथ-साथ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से भी इस मामले पर बातचीत की है। उत्तराखंड सरकार इस कठिन समय में पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और त्रिपुरा सरकार के सहयोग से हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी।

Advertisement
Advertisement
Advertisement