चमोली पोखरी में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष का घेराव, जमकर हुआ हंगामा, यूकेडी ने बोला हल्ला

पोखरी में यूकेडी ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट का घेराव कर कर्णप्रयाग घटना और बदहाल सड़कों को लेकर सवाल पूछा

चमोली: कर्णप्रयाग में सिख यात्रियों और स्थानीय लोगों के बीच हुई हिंसक घटना तथा पोखरी क्षेत्र की बदहाल सड़क व्यवस्था को लेकर उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) के कार्यकर्ताओं ने मोहनखाल में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र प्रसाद भट्ट का घेराव किया. साथ ही उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) के कार्यकर्ताओं ने महेंद्र भट्ट ने तमाम मुद्दों को लेकर जवाब मांगा.

यूकेडी नेता बीरू सजवाण के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने कर्णप्रयाग हिंसक घटना और क्षेत्र की जर्जर सड़कों का मुद्दा उठाया. बीरू सजवाण ने कहा कि कर्णप्रयाग में स्थानीय लोगों पर धारदार हथियारों से हमला हुआ है.जिस पर सरकार को स्पष्ट जवाब देना चाहिए. उन्होंने कहा कि जनता सड़क, सुरक्षा और सम्मान की मांग कर रही है. इन मुद्दों पर सरकार की जवाबदेही तय होनी चाहिए.
यूकेडी नेताओं का दावा है कि प्रतिनिधिमंडल केवल क्षेत्रीय समस्याओं और कर्णप्रयाग की घटना के संबंध में अपनी बात रखने पहुंचा था. कार्यकर्ताओं के अनुसार बातचीत के दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कथित रूप से कहा, “पहले चुनाव लड़ो, जीतो और तब विकास करो” इस कथित टिप्पणी पर यूकेडी कार्यकर्ताओं ने नाराजगी जताई. उन्होंने कहा राज्य में बीजेपी की सरकार है. राज्य में हो रही घटनाओं को लेकर उनकी जवाबदेही बनती है. जब उनसे इस बारे में सवाल पूछा जा रहा है तो वे भड़क रहे हैं.
प्रतिनिधिमंडल में केंद्रीय महामंत्री सुबोध बिष्ट, जिला महामंत्री भारत सिंह कुंवर, जिला मीडिया प्रभारी राजेश्वरी बर्त्वाल, युवा अध्यक्ष पोखरी लक्ष्मण नेगी, धर्मेंद्र फरस्वाण, गिरीश नेगी, बबिता देवी, सपना देवी, दमयंती देवी सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे. यूकेडी ने क्षेत्र की सड़क समस्याओं के शीघ्र समाधान और कर्णप्रयाग हिंसक घटना में निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है.
बता दें इससे पहले बीते रोज कर्णप्रयाग में हुए विवाद को लेकर सिख समाज के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की थी. सिख समाज ने सोशल मीडिया पर फैलाए जा रहे भ्रामक प्रचार पर रोक लगाने की मांग सीएम धामी से की थी.






