19 Oct 2026, Mon

बनभूलपुरा में कड़ी सुरक्षा, हर प्रवेश पर कड़ी निगरानी

खबर शेयर करें-

रेलवे बनाम हल्द्वानी प्रकरण पर 10 दिसंबर के संभावित फैसले से पहले पुलिस अलर्ट, बनभूलपुरा में कड़ी सुरक्षा, हर प्रवेश पर कड़ी निगरानी

 

 

हल्द्वानी मामले में 10 दिसंबर 2025 को संभावित फैसले से पहले नैनीताल पुलिस ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को बेहद सख़्त कर दिया है। किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या उपद्रव की आशंका को देखते हुए SSP नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी ने उच्च अधिकारियों के साथ विस्तृत बैठक कर सुरक्षा तैयारी का पूर्ण खाका तैयार करने के निर्देश दिए। पुलिस ने साफ कर दिया है कि शांति भंग करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। फैसले से पहले पूरे प्रभावित इलाके में बैरिकेटिंग की जाएगी और बनभूलपुरा के कोर क्षेत्र में उसी व्यक्ति को प्रवेश मिलेगा जिसके पास स्थानीय पहचान होगी। इसके साथ ही क्षेत्र में BDS टीम द्वारा चेकिंग, संदिग्ध व्यक्तियों पर कड़ी निगरानी, तथा संभावित उपद्रवियों पर मुचलका पाबंद की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

 

शहर में सुरक्षा माहौल को मजबूत करने के लिए 9 दिसंबर को फ्लैग मार्च भी निकाला जाएगा। यातायात को सुचारू रखने के लिए डायवर्जन प्लान तैयार करने और लागू करने के निर्देश दे दिए गए हैं। SSP मंजुनाथ टीसी ने कहा कि जिले में कानून व्यवस्था सर्वोपरि है और किसी भी कीमत पर शांति भंग करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। पुलिस बल चप्पे-चप्पे पर तैनात रहेगा और हर संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी। सोशल मीडिया पर भी पुलिस की पैनी नजर रखी जा रही है। भड़काऊ या भ्रामक संदेश फैलाने, ग़लत सूचना प्रसारित करने या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Advertisement
Advertisement
Advertisement