17 Jul 2026, Fri

महापौर की पहल से विश्वकर्मा मार्केट के व्यापारियों को मिली राहत

खबर शेयर करें-

#महापौर_की_पहल #विश्वकर्मा_मार्केट #रुद्रपुर #रोडवेज_बस_टर्मिनल #व्यापारी_हित #पुनर्वास #नगर_निगम #विकास_शर्मा #उत्तराखंड

 

महापौर की पहल से विश्वकर्मा मार्केट के व्यापारियों को मिली राहत

 

रुद्रपुर। निर्माणाधीन रोडवेज बस टर्मिनल परियोजना की जद में आ रही विश्वकर्मा मार्केट के व्यापारियों को फिलहाल बड़ी राहत मिली है। अमरनाथ यात्रा पर गए महापौर विकास शर्मा के आग्रह पर जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने प्रभावित दुकानदारों को अपनी दुकानें स्वयं हटाने के लिए एक सप्ताह का समय देने पर सहमति जताई है।

 

महापौर ने स्पष्ट किया कि किसी भी व्यापारी को बिना पुनर्वास के नहीं हटाया जाएगा। नगर निगम सभी प्रभावित व्यापारियों को नई दुकानों का आवंटन करेगा। उन्होंने बताया कि वैकल्पिक भूमि का सर्वे पूरा हो चुका है और नई दुकानों के निर्माण की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

 

महापौर के अनुसार, अमरनाथ यात्रा से लौटने के बाद 14 जुलाई के पश्चात व्यापारियों के साथ बैठक कर लॉटरी प्रणाली के माध्यम से पारदर्शी तरीके से दुकानों का आवंटन किया जाएगा।

 

उन्होंने बताया कि इससे पहले नैनीताल हाईवे चौड़ीकरण के दौरान प्रभावित व्यापारियों का सफल पुनर्वास रुद्रा वेंडिंग जोन में किया गया था। उसी तर्ज पर अब विश्वकर्मा मार्केट के व्यापारियों को जेपीएस स्कूल के समीप नगर निगम की भूमि पर विकसित नई दुकानों में बसाया जाएगा।

 

महापौर विकास शर्मा ने कहा कि रोडवेज बस टर्मिनल शहर के विकास के लिए जरूरी है, लेकिन किसी व्यापारी की आजीविका प्रभावित न हो, इसकी जिम्मेदारी भी नगर निगम की है। उन्होंने व्यापारियों से प्रशासन द्वारा दिए गए समय का सदुपयोग करते हुए स्वेच्छा से दुकानें खाली करने में सहयोग की अपील की।