गैंगस्टर विक्रम शर्मा हत्याकांड: झारखंड पहुंची उत्तराखंड पुलिस, आरोपियों के घरों पर चिपकाया नोटिस, इनाम राशि बढ़ाई
देहरादून। देहरादून के राजपुर रोड के सिल्वर सिटी मॉल में झारखंड के कुख्यात गैंगेस्टर विक्रम शर्मा की हत्या के मामले में फरार छह आरोपियों के खिलाफ दून पुलिस ने कुर्की की कार्रवाई तेज कर दी है। झारखंड पहुंचकर डालानवाला थाना पुलिस ने आरोपियों के घर पर नोटिस चस्पा किए हैं। 30 दिन के अंदर आरोपियों ने सरेंडर नहीं किया तो उनकी कुर्की की जाएगी।
गैंगस्टर अखिलेख के कथित गुरु विक्रम शर्मा की हत्या के मामले में फरार आरोपियों पर दून पुलिस ने इनाम की राशि भी बढ़ा दी है। यह राशि 50 हजार से बढ़ाकर एक लाख रुपये कर दी गई है। एसपी सिटी प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि इस मामले में डालनावाला पुलिस ने फरार आरोपी बागबेड़ा निवासी विशाल कुमार सिंह, जुगसलाई का निवासी आशुतोष कुमार सिंह, बागबेड़ा बजरंगटेकरी रोड निवासी आकाश कुमार प्रसाद, उलीडीह टैंक रोड निवासी जितेंद्र कुमार शाहू, बागबेड़ा गाढ़ाबासा निवासी यशराज के घर पर इश्तेहार चस्पा किए हैं। पुलिस लोहरदगा टंगराटोली निवासी अंकित कुमार वर्मा की तलाश में उसके घर पहुंची। उसके घर पर भी नोटिस चस्पा किया गया है।
झारखंड के बागबेड़ा और जगसुलाई थाना पुलिस की मदद आरोपियों के घर पर पहुंची दून पुलिस ने घरवालों को हिदायद दी है कि अगर आरोपी 30 दिन के अंदर आत्मसमर्पण नहीं करते तो कुर्की की जाएगी। डालनवाला थाना प्रभारी संतोष सिंह कुंवर ने बताया कि फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।
बता दें कि 13 फरवरी को राजधानी के पॉश इलाके में स्थित सिल्वर सिटी मॉल की सीढि़यों में दो बदमाशों ने गैंगस्टर विक्रम शर्मा के सिर पर सटाकर गोलियां मार दी थीं। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। इस हत्याकांड को अंजाम देने के बाद आरोपी दून से बाइक से फरार होकर हरिद्वार पहुंचे थे। वहां से अलग-अलग वाहनों से फरार हो गए। इस मामले में पुलिस ने अब तक दो लोगों की गिरफ्तारी की है लेकिन गोली मारने वाले दोनों शूटर समेत छह आरोपी अभी भी फरार हैं।






