विक्रांत हत्याकांड का जल्द होगा खुलासा, आरोपी शीघ्र होंगे गिरफ्तार: पुलिस

रुद्रपुर। युवा गोसेवक विक्रांत की गोली मारकर की गई हत्या से क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। घटना की जानकारी मिलते ही जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी मौके पर पहुंचे तथा परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया।

इस दौरान परिवारजनों एवं बड़ी संख्या में मौजूद युवाओं और गोसेवकों को भरोसा दिलाया गया कि विक्रांत के हत्यारों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा और मामले का शीघ्र खुलासा होगा।

बताया गया कि इस संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) से वार्ता हुई है। एसएसपी ने आश्वासन दिया है कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही घटना का खुलासा करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
मौके पर मौजूद लोगों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की और कहा कि उन्हें कानून के तहत कठोर से कठोर सजा मिलनी चाहिए। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच तेजी से जारी है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।






