रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की 100 सीटों को मंजूरी, विधायक शिव अरोड़ा का संकल्प साकार
मेडिकल कॉलेज पहुंचकर विधायक ने बांटी मिठाई, मुख्यमंत्री धामी और सांसद अजय भट्ट का जताया आभार
रुद्रपुर। पंडित राम सुमेर शुक्ल राजकीय मेडिकल कॉलेज, रुद्रपुर में एमबीबीएस की 100 सीटों को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय से मंजूरी मिलने पर क्षेत्र में खुशी की लहर है। इस उपलब्धि पर विधायक शिव अरोड़ा मेडिकल कॉलेज पहुंचे, जहां चिकित्सकों और स्टाफ ने उनका स्वागत किया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर की और इस उपलब्धि को रुद्रपुर के लिए ऐतिहासिक बताया।
विधायक शिव अरोड़ा ने कहा कि वर्ष 2022 में विधायक बनने से पहले उन्होंने रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की पढ़ाई शुरू कराने का संकल्प लिया था। अब 100 सीटों को मंजूरी मिलने के साथ उनका यह संकल्प साकार होने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ा है। उन्होंने कहा कि इससे रुद्रपुर सहित आसपास के क्षेत्रों के विद्यार्थियों को चिकित्सा शिक्षा के बेहतर अवसर मिलेंगे। साथ ही भविष्य में क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को भी मजबूती मिलेगी।
मुख्यमंत्री धामी और सांसद अजय भट्ट का जताया आभार
विधायक शिव अरोड़ा ने इस उपलब्धि के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताते हुए कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के प्रति उनकी प्रतिबद्धता से महत्वपूर्ण कार्यों को गति मिल रही है। उन्होंने नैनीताल सांसद अजय भट्ट के प्रयासों और मार्गदर्शन के लिए भी धन्यवाद दिया। इसके अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा और प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया।
शिव अरोड़ा ने बताया कि हाल ही में मेडिकल कॉलेज प्रबंधन ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के समक्ष वर्चुअल माध्यम से अपना पक्ष रखा था। इसके बाद कॉलेज को एमबीबीएस की 100 सीटों की मंजूरी मिली। इससे वर्ष 2027 से मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की पढ़ाई शुरू होने का मार्ग प्रशस्त हुआ है।
मेडिकल कॉलेज की प्रगति पर लगातार रखी नजर
विधायक ने कहा कि मेडिकल कॉलेज के निर्माण और व्यवस्थाओं को लेकर वह शुरुआत से ही गंभीर रहे हैं। निर्माण कार्य की प्रगति जानने के लिए उनकी प्राचार्य से नियमित बातचीत होती रही है। वह समय-समय पर कॉलेज पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा भी लेते रहे, ताकि निर्माण कार्य में तेजी आए और यहां जल्द चिकित्सा शिक्षा शुरू हो सके।
उन्होंने कहा कि 100 एमबीबीएस सीटों की मंजूरी पूरे रुद्रपुर और आसपास के क्षेत्रों के लिए गर्व की बात है। इससे स्थानीय युवाओं को चिकित्सा शिक्षा के नए अवसर मिलेंगे और क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की संभावनाएं मजबूत होंगी।
चिकित्सकों और कार्यकर्ताओं ने मनाई खुशी
मेडिकल कॉलेज पहुंचने पर चिकित्सकों एवं स्टाफ ने विधायक शिव अरोड़ा का बुके देकर स्वागत किया। वहीं, भाजपा कार्यकर्ताओं ने मिठाई खिलाकर उन्हें बधाई दी और इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर की।
इस अवसर पर मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. चंद्र प्रकाश भैसोड़ा, मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. सुमन कुमारी पांडेय, विभागाध्यक्ष डॉ. राजीव सिंह, डॉ. आदित्य चौहान, डॉ. वीके द्विवेदी, डॉ. सृजन श्रीवास्तव, डॉ. वरुण प्रसाद सहित अन्य चिकित्सक एवं स्टाफ मौजूद रहे। इनके अलावा भाजपा नेता गुन्नू चौधरी, पार्षद कैलाश राठौर, राजेंद्र राठौर, राधेश शर्मा, नरेश उप्रेती, निमित शर्मा, महेंद्र आर्य, शंकर विश्वास, सतनाम सिंह, सुनील यादव, जीतेन्द्र चौहान, मनोज मदान, संदीप राव, नितेश गुप्ता, मयंक कक्कड़, विक्की राघव और एमपी मौर्य सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।




