रुद्रपुर में CII के कुमाऊं जोनल कार्यालय का शुभारंभ, उद्योगों को मिलेगा नया मंच
विधायक शिव अरोरा बोले— औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन को मिलेगी गति, 35 से अधिक औद्योगिक संस्थानों के प्रतिनिधि हुए शामिल
रुद्रपुर। औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने और उद्यमियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराने की दिशा में रुद्रपुर में कन्फेडरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्री (CII) के कुमाऊं जोनल कार्यालय का शुभारंभ किया गया। विधायक शिव अरोरा और CII नॉर्दर्न रीजन की डिप्टी चेयरपर्सन एवं सब्रोस लिमिटेड की चेयरपर्सन व मैनेजिंग डायरेक्टर श्रद्धा सूरी मारवाह ने संयुक्त रूप से कार्यालय का उद्घाटन किया। इस अवसर पर आयोजित मेंबर्स मीट में 35 से अधिक औद्योगिक एवं व्यावसायिक संस्थानों के प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक शिव अरोरा ने कहा कि CII देश का प्रमुख औद्योगिक संगठन है, जो उद्योगों के विकास और विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। रुद्रपुर में कुमाऊं जोनल कार्यालय खुलने से क्षेत्र के उद्योगपतियों और उद्यमियों को साझा मंच मिलेगा। इससे उद्योग जगत और सरकार के बीच संवाद एवं समन्वय मजबूत होगा।
उन्होंने कहा कि कुमाऊं क्षेत्र में औद्योगिक विकास की अपार संभावनाएं हैं। नए कार्यालय से निवेश को प्रोत्साहन मिलने के साथ ही उद्यमियों की समस्याओं को संबंधित मंचों तक पहुंचाने और नए व्यावसायिक अवसर तलाशने में मदद मिलेगी। औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार से क्षेत्र की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
CII नॉर्दर्न रीजन की डिप्टी चेयरपर्सन श्रद्धा सूरी मारवाह ने कहा कि कुमाऊं में विनिर्माण, ऑटोमोबाइल, खाद्य प्रसंस्करण, इलेक्ट्रॉनिक्स, ई-मोबिलिटी और पर्यटन जैसे क्षेत्रों में विकास की व्यापक संभावनाएं हैं। उद्योगों की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता बढ़ाने के लिए आधुनिक तकनीक, कुशल कार्यबल, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (MSME) की भागीदारी और बेहतर आपूर्ति व्यवस्था पर ध्यान देना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि नया कार्यालय उद्योगों को CII की विशेषज्ञता, नीतिगत संवाद और व्यावसायिक अवसरों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इसके माध्यम से CII के 12 सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की विशेषज्ञता का लाभ भी उद्योग जगत को मिल सकेगा।
CII उत्तराखंड स्टेट काउंसिल के चेयरमैन संजय अग्रवाल ने कहा कि मेंबर्स मीट उद्योग जगत की प्राथमिकताओं पर चर्चा करने, आपसी सहयोग बढ़ाने और प्रदेश में औद्योगिक विकास की नई संभावनाएं तलाशने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
कार्यक्रम के दौरान KLA India के डायरेक्टर अशोक अग्रवाल को CII कुमाऊं जोन का चेयरमैन तथा कुमार ऑक्सीजन के डायरेक्टर सौरभ वैष्ण को वाइस चेयरमैन घोषित किया गया। इस अवसर पर CII नॉर्दर्न रीजन की रीजनल डायरेक्टर रचना जिंदल भी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के अंत में सौरभ वैष्ण ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
निवेश और रोजगार के नए अवसरों की उम्मीद
CII के नए कुमाऊं जोनल कार्यालय को क्षेत्रीय उद्योगों के बीच संपर्क बढ़ाने, व्यावसायिक नेटवर्किंग को मजबूत करने तथा सरकार और उद्यमियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। इससे कुमाऊं क्षेत्र में निवेश को प्रोत्साहन मिलने के साथ औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन को नई गति मिलने की उम्मीद है।




