UKSSSC एग्जाम मामला, फर्जी पत्र से युवाओं को भ्रमित करने की कोशिश, आयोग ने लिया संज्ञान

उत्तराखंड में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के सामने एक बार फिर भ्रम की स्थिति पैदा करने की कोशिश की गई है.

देहरादून: देश भर में पेपर लीक का मामला इन दोनों छाया हुआ है. उत्तराखंड से लेकर दिल्ली तक में युवा पेपर लीग के खिलाफ मोर्चा खोले हुए हैं. इस बीच एक ऐसा पत्र सामने आया है, जो युवाओं को भ्रमित करने वाला है. यह पत्र आगामी प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़ा हुआ है, जिसमें परीक्षा की तारीख को लेकर गलत जानकारी दी गई है. मामला सामने आने के बाद उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने इसका संज्ञान लिया है और इसे पूरी तरह फर्जी बताते हुए युवाओं से सतर्क रहने की अपील की है.

उत्तराखंड में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे लाखों युवाओं के सामने एक बार फिर भ्रम की स्थिति पैदा करने की कोशिश की गई है. एक ओर जहां प्रदेश में पिछले कुछ सालों के दौरान सामने आए पेपर लीक मामलों ने युवाओं का भरोसा हिलाया है, वहीं दूसरी ओर अब फर्जी पत्रों के जरिए अभ्यर्थियों को गुमराह करने का प्रयास किया जा रहा है. हाल ही में सोशल मीडिया पर एक ऐसा पत्र वायरल हुआ, जिसमें आगामी प्रतियोगी परीक्षाओं की तिथियों को लेकर गलत जानकारी प्रसारित की गई.






