पुलिस हिरासत में युवक से मारपीट का आरोप, पूर्व विधायक ठुकराल ने एसएसपी से की निष्पक्ष जांच की मांग

रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप थाना पुलिस पर हिरासत में एक युवक के साथ मारपीट और अमानवीय व्यवहार करने के आरोपों को लेकर मामला गरमा गया है। शुक्रवार को पूर्व विधायक एवं कांग्रेस नेता राजकुमार ठुकराल पीड़ित परिवार और बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों के साथ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति से मिले और मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा।

पीड़ित पक्ष के अनुसार, रम्पुरा वार्ड निवासी लक्ष्मी का पुत्र आकाश, जो ऑटो कार वॉशिंग का कार्य करता है, को 14 जून को ट्रांजिट कैंप पुलिस पूछताछ के लिए थाने ले गई थी। परिजनों का आरोप है कि उस समय पुलिस ने एफआईआर दर्ज न होने की बात कहकर उन्हें वापस भेज दिया और बाद में पूछताछ के बाद युवक को छोड़ दिया।

आरोप है कि 16 जून को आकाश को दोबारा थाने बुलाया गया और 17 जून की रात गंभीर हालत में परिजनों के सुपुर्द किया गया। परिजनों का कहना है कि युवक ठीक से चल भी नहीं पा रहा था तथा उसके हाथ-पैरों पर चोट के निशान थे। युवक ने कथित तौर पर बताया कि ट्रांजिट कैंप थाना और आवास विकास चौकी के कुछ पुलिसकर्मियों ने पूरी रात उसके साथ मारपीट और अमानवीय व्यवहार किया, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। इसके बाद उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति पर कोई आरोप है तो उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए, लेकिन पुलिस हिरासत में मारपीट या अमानवीय व्यवहार किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि इससे आमजन का पुलिस और कानून व्यवस्था पर विश्वास बना रहेगा।
वहीं, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने मामले को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष जांच का भरोसा दिया। उन्होंने पूरे प्रकरण की जांच पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) विभव सैनी को सौंप दी है। एसएसपी ने कहा कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर विधिसम्मत और निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी।






