19 Aug 2026, Wed

हरिद्वार कांवड़ मेले में उमड़ा आस्था का जनसैलाब

खबर शेयर करें-

हरिद्वार कांवड़ मेले में उमड़ा आस्था का जनसैलाब

 

 

76 लाख से अधिक कांवड़िए पहुंचे धर्मनगरी, सुरक्षा और व्यवस्थाओं पर प्रशासन की कड़ी नजर

हरिद्वार। संवाद न्यूज़ 9

सावन मास के पावन अवसर पर हरिद्वार में आयोजित कांवड़ मेला अपने चरम पर पहुंच गया है। धर्मनगरी में आस्था का अद्भुत जनसैलाब उमड़ रहा है। पिछले चार दिनों में 76 लाख से अधिक कांवड़िए गंगाजल लेकर अपने-अपने गंतव्य की ओर रवाना हो चुके हैं। आने वाले दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या में और वृद्धि होने की संभावना है।

सावन के पहले सोमवार पर भगवान भोलेनाथ के ससुराल के रूप में प्रसिद्ध कनखल स्थित दक्षेश्वर महादेव मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयघोष से पूरी धर्मनगरी शिवमय हो उठी।

इस अवसर पर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित अपनी पत्नी प्रज्ञा दीक्षित के साथ दक्षेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने विधि-विधान से भगवान शिव का जलाभिषेक कर कांवड़ मेले के सकुशल एवं शांतिपूर्ण संपन्न होने की प्रार्थना की। उन्होंने मंदिर पहुंचे श्रद्धालुओं को फल एवं पेयजल का वितरण भी किया तथा मंदिर परिसर और आसपास की सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।

जिलाधिकारी ने बताया कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए प्रशासन और पुलिस की टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं। भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था और यातायात संचालन के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।

उन्होंने कहा कि डाक कांवड़ यात्रा को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए अलग ट्रैफिक प्लान लागू किया गया है। बैरागी कैंप, पंतद्वीप और रोडीबेलवाला पार्किंग में वाहनों की पार्किंग की विशेष व्यवस्था की गई है, जिससे यातायात प्रभावित न हो और श्रद्धालुओं को सुविधा मिल सके।

प्रशासन का कहना है कि आगामी दिनों में कांवड़ियों की संख्या और बढ़ने की संभावना है। इसे देखते हुए सुरक्षा, चिकित्सा, पेयजल, स्वच्छता और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ किया जा रहा है।

#संवादNews9 #हरिद्वार #कांवड़मेला #सावन2026 #हरहरमहादेव #उत्तराखंड #धर्मनगरी #KanwarYatra #Haridwar