बीजेपी की नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान, अमित मालवीय बाहर
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने सोमवार को पार्टी की नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान कर दिया। नई टीम में संगठनात्मक अनुभव के साथ कई नए चेहरों को भी जिम्मेदारी दी गई है। विनोद तावड़े और स्मृति ईरानी समेत आठ नेताओं को राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया है, जबकि केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

बीजेपी ने 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किए हैं। इनमें राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया, उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत, राम माधव, बैजयंत जय पांडा, डी. पुरंदेश्वरी, रेखा वर्मा और मनप्रीत सिंह बादल समेत कई प्रमुख नेता शामिल हैं।

राष्ट्रीय महासचिवों में स्मृति ईरानी और विनोद तावड़े
नई टीम में विनोद तावड़े, सुनील बंसल, बिप्लब कुमार देब, स्मृति ईरानी, डॉ. सतीश पूनिया, गजेंद्र पटेल, हरीश द्विवेदी और संजय भाटिया को राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया है।

वहीं, बीएल संतोष संगठनात्मक राष्ट्रीय महासचिव की जिम्मेदारी संभालेंगे।
अमित मालवीय की जगह दीपक म्हस्के
बीजेपी की नई टीम में सबसे अहम बदलावों में से एक अमित मालवीय को आईटी सेल प्रमुख की जिम्मेदारी से हटाया जाना है। उनकी जगह दीपक म्हस्के को बीजेपी के राष्ट्रीय आईटी सेल और सोशल मीडिया की जिम्मेदारी दी गई है।
उत्तराखंड को भी मिली अहम जगह
बीजेपी की नई राष्ट्रीय टीम में उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं अनिल बलूनी पार्टी के मीडिया-इन-चार्ज के तौर पर अपनी जिम्मेदारी जारी रखेंगे।
मोर्चों की कमान भी तय
बीजेपी ने विभिन्न मोर्चों के अध्यक्षों की भी घोषणा की है। डॉ. हेमांग जोशी को युवा मोर्चा, रूप कुमारी चौधरी को महिला मोर्चा, अमरपाल मौर्य को ओबीसी मोर्चा और बंसीलाल गुर्जर को किसान मोर्चा की जिम्मेदारी दी गई है।
इसके अलावा शिवेश कुमार राम को एससी मोर्चा, डॉ. मन्नालाल रावत को एसटी मोर्चा और कुंवर बासित अली को अल्पसंख्यक मोर्चा अध्यक्ष बनाया गया है।
पीएम मोदी ने दी बधाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बीजेपी की नई टीम को बधाई देते हुए कहा कि नई टीम में संगठनात्मक अनुभव, ऊर्जा और जमीनी स्तर पर लोगों से जुड़ाव का संगम है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी पदाधिकारी पार्टी को मजबूत करने और जनसेवा पर ध्यान केंद्रित करने में अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान देंगे।
#BJP #NitinNabin #BJPNewTeam #TirathSinghRawat #AmitMalviya






