19 Oct 2026, Mon

महिला पत्रकारों के आरोपों के बाद चर्चा में आए एसीपी

खबर शेयर करें-

महिला पत्रकारों के आरोपों के बाद चर्चा में आए एसीपी विवेक भगत ने दर्ज कराई एफआईआर

 

 

स्वतंत्र पत्रकार और अन्य के खिलाफ मामला दर्ज, प्रदर्शन के दौरान अपमानित करने, धमकाने और सरकारी काम में बाधा डालने का आरोप

 

नई दिल्ली। दिल्ली में महिला पत्रकारों और एक प्रदर्शनकारी युवती की ओर से पुलिसकर्मियों पर यौन उत्पीड़न एवं बदसलूकी के आरोप लगाए जाने के मामले में नया घटनाक्रम सामने आया है। एसीपी विवेक भगत की शिकायत पर दिल्ली पुलिस ने पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने में एक स्वतंत्र पत्रकार और अन्य लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।

 

शिकायत के अनुसार, 3 अक्टूबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ हुए प्रदर्शन के दौरान बूटा सिंह राउंडअबाउट पर एसीपी विवेक भगत को कथित तौर पर अपमानित किया गया, डराया-धमकाया गया और उनके खिलाफ जातिगत टिप्पणियां की गईं। शिकायत में सरकारी कामकाज में बाधा डालने का आरोप भी लगाया गया है।

 

जातिगत टिप्पणी किए जाने का आरोप

 

एसीपी विवेक भगत ने अपनी शिकायत में बताया कि वह अनुसूचित जाति समुदाय से आते हैं। उनके अनुसार, उन्होंने और उनके ऑपरेटर कांस्टेबल रवि दहिया ने एक पत्रकार को उनके नेमप्लेट और जातिगत पहचान का उल्लेख करते हुए सुना। शिकायत में इसी घटनाक्रम के आधार पर अपमानित करने और जातिगत टिप्पणी किए जाने के आरोप लगाए गए हैं।

 

महिला पत्रकारों के आरोपों के बाद मामला चर्चा में

 

गौरतलब है कि 3 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ हुए प्रदर्शन के दौरान दो महिला पत्रकारों और एक प्रदर्शनकारी युवती ने पुलिसकर्मियों पर यौन उत्पीड़न तथा बदसलूकी के आरोप लगाए थे। इस मामले में एसीपी विवेक गौतम का नाम भी सामने आया था।

 

अब एसीपी विवेक भगत की शिकायत पर एफआईआर दर्ज होने से यह मामला एक बार फिर चर्चा में है। हालांकि, एफआईआर में लगाए गए आरोपों की सत्यता जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। शिकायत के आधार पर मामला दर्ज होना किसी भी आरोप के प्रमाणित होने के समान नहीं है।

 

#दिल्लीपुलिस #एसीपीविवेकभगत #महिलापत्रकार #जंतरमंतर #संवादNews9

Advertisement
Advertisement
Advertisement