3 Jun 2026, Wed

आगजनी, TMC दफ्तरों पर हमले और लेनिन की मूर्ति में तोड़फोड़… सुलग रहा बंगाल

खबर शेयर करें-

आगजनी, TMC दफ्तरों पर हमले और लेनिन की मूर्ति में तोड़फोड़… सुलग रहा बंगाल

 

 

 

 

पश्चिम बंगाल में चुनाव नतीजे आने और बीजेपी की प्रचंड जीत के बाद जगह-जगह से हिंसा की खबरें आ रही हैं. कोलकाता से लेकर मुर्शिदाबाद, आसनसोल तक से तोड़फोड़ और आगजनी की खबरें आई हैं.

 

बंगाल के अलग-अलग इलाकों से हिंसा और आगजनी की खबरें आ रही हैं

 

पश्चिम बंगाल में चुनाव नतीजे आए, भारतीय जनता पार्टी को जबरदस्त जीत मिली. अभी सरकार का गठन होना बाकी है. नए निजाम की प्रक्रिया चल रही है. लेकिन सूबे की आब-ओ-हवा पूरी तरह बदल चुकी हैं. बंगाल के अलग-अलग इलाकों से हिंसा और तोड़फोड़ की खबरें आ रही हैं. कहीं टीएमसी के दफ्तर में तोड़फोड़ हुई, कहीं बुलडोजर एक्शन हुआ तो कहीं लेनिन की मूर्ति तोड़े जाने का मामला सामने आया है. राज्य भर में हुई इस तरह की घटनाओं में अब तक कुल तीन लोगों की मौत हो चुकी है.

 

आसनसोल उत्तर विधानसभा क्षेत्र के कोर्ट मोड़ पर तृणमूल कांग्रेस पार्टी के एक दफ्तर में देर रात आग लगाई जाने के बाद इलाके में तनाव जारी है. यह दफ्तर तृणमूल कांग्रेस की वार्ड नंबर 53 की पार्षद मौसमी बोस का था. आग तेज़ी से फैली कि दफ्तर जलकर राख हो गया और पास की एक दुकान को भी नुकसान पहुंचा है. आसनसोल फायर स्टेशन से एक फायर टेंडर मौके पर पहुंचा और आग पर काबू पाया.

 

आसनसोल उत्तर से बीजेपी विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी ने कहा कि उन्हें पार्षद ने इस घटना के बारे में बताया और उन्होंने तुरंत अपने दफ्तर को सूचित किया, जिसके बाद फायर ब्रिगेड और पुलिस से संपर्क किया गया. उन्होंने आगे कहा कि आस-पास की इमारतों में लगे CCTV फ़ुटेज की जांच की जाएगी. चुनाव के बाद होने वाली किसी भी तरह की हिंसा को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. आसनसोल के एक स्थानीय दुकानदार हरेकृष्ण बनर्जी ने बताया कि रात को दुकान बंद करने के कुछ ही देर बाद उन्हें आग लगने की जानकारी मिली. वह तुरंत वापस लौटे और देखा कि पार्टी कार्यालय से आग की लपटें फैल रही थीं. उन्होंने बताया कि उनकी दुकान के बिजली के सिस्टम को नुकसान पहुंचा है, लेकिन आग लगने का कारण अभी पता नहीं चल पाया है.