कार की फिल्म उतारने पर महिला एसआई को कुचलने की कोशिश
हल्द्वानी। नैनीताल रोड पर तिकोनिया चौराहे के पास रविवार रात खड़ी संदिग्ध कार के शीशे से काली फिल्म उतारने पर चालक ने महिला एसआई आरती से दुर्व्यवहार किया। पुलिस वाहन से चालान मशीन लेकर एसआई जैसे ही लौटी, चालक ने उनके साथ ही होमगार्ड के जवान पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की। किसी तरह दोनों ने जान बचाई। इसके बाद चालक मौके से फरार हो गया। पूरी घटना पास की दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
भोटिया पड़ाव पुलिस चौकी में तैनात एसआई आरती ने सोमवार को कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि वह और होमगार्ड जवान कुबेर रविवार रात गश्त कर रहे थे। रात करीब साढ़े 11 बजे तिकोनिया चौराहे पर एक सरकारी वाहन खड़ा मिला, जिसके शीशों पर काली फिल्म लगी थी। पूछताछ करने पर चालक धमकी देने लगा। पुलिस ने फिल्म उतार दी तो चालक ट्रांसफर कराने और वर्दी उतरवाने की धमकी देने लगा।
चालान की कार्रवाई के दौरान चालक ने तेज गति से वाहन बढ़ाकर एसआई और होमगार्ड को कुचलने का प्रयास किया। प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह मेहता ने बताया कि चालक की पहचान लालकुआं के मोटाहल्दू निवासी युवक के रूप में हुई है। जल्द उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।






