3 Jun 2026, Wed

ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर बड़ा हादसा, यात्रियों से भरी बस पलटी, 7 लोग घायल

खबर शेयर करें-

ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर बड़ा हादसा, यात्रियों से भरी बस पलटी, 7 लोग घायल

 

 

बदरीनाथ धाम से यात्रियों को लेकर आ रही बस शिवपुरी के पास पलटी, हादसे में 7 लोग हुए घायल, कई लोगों का रेस्क्यू

 

ऋषिकेश: बदरीनाथ-ऋषिकेश हाईवे पर बड़ा सड़क हादसा हो गया. जहां बदरीनाथ धाम से यात्रियों को ला रही एक बस मुनिकीरेती थाना क्षेत्र अंतर्गत शिवपुरी के पास अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई. हादसे में 7 यात्री घायल हो गए. जिन्हें उपचार के लिए ऋषिकेश के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. जबकि, 25 यात्रियों को सुरक्षित रेस्क्यू कर गंतव्य की ओर भेज दिया गया है.

 

मुनिकी रेती थाना पुलिस के मुताबिक, रविवार यानी 10 मई की शाम 4 बजे शिवपुरी में एक बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलटने की सूचना कंट्रोल रूम को मिली. सूचना के आधार पर शिवपुरी चौकी प्रभारी विनोद कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. जहां देखा कि बस सड़क पर पलटी हुई है और यात्री बस के अंदर जान बचाने के लिए चिल्ला रहे हैं.

 

बस पलटने से 7 यात्री घायल: पुलिस ने किसी तरह बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला. इस दौरान 7 यात्री घटना में घायल दिखाई दिए. जिन्हें 108 आपातकालीन एंबुलेंस के जरिए ऋषिकेश सरकारी अस्पताल उपचार के लिए भेजा गया. जबकि, 25 यात्री सुरक्षित रेस्क्यू किए गए. सुरक्षित यात्रियों को दूसरे वाहन से गंतव्य की ओर रवाना कर दिया गया.

 

“बस पलटने से 7 यात्री घायल हुए हैं. जबकि, बाकी रेस्क्यू किए गए यात्रियों को दूसरे वाहन से उनकी गंतव्य की ओर भेज दिया गया है. यात्री जो अस्पताल में भर्ती हैं, उनकी हालत खतरे से बाहर है. सभी यात्री लखीमपुर खीरी उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं. पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है.”- प्रदीप चौहान, कोतवाल

 

बस पलटने से घायल-

 

सोनम गुप्ता (उम्र 28 वर्ष)

मुन्नी देवी (उम्र 56 वर्ष)

चंद्रप्रकाश गुप्ता (उम्र 62 वर्ष)

संजय चौरसिया (उम्र 59 वर्ष)

सीता देवी (उम्र 38 वर्ष)

शबनम (उम्र 32 वर्ष)

मनीष गिरि (उम्र 44 वर्ष)

 

टिहरी गढ़वाल जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी बृजेश भट्ट के मुताबिक, बस में 25 यात्रियों के साथ एक ड्राइवर और एक कंडक्टर भी सवार थे. ये यात्री चारधाम यात्रा के तहत बदरीनाथ से हरिद्वार लौट रहे थे. बताया जा रहा है कि अचानक बस की खिड़की खुल जाने पर ड्राइवर उसे बंद करने की कोशिश कर रहा था, तभी उसका गाड़ी पर से नियंत्रण हट गया, जिससे बस सड़क पर पलट गई.