उत्तराखंड में NEET री-एग्जाम को लेकर अभ्यर्थी तैयार, प्रशासन की ऐसी हैं तैयारियां, ‘लीक’ प्रूफ पर फोकस

21 जून को होने वाली NEET UG 2026 पुन: परीक्षा को लेकर तैयारियां पूरी, ईटीवी भारत पर अभ्यर्थियों और शिक्षकों ने रखी अपनी बात

देहरादून: देशभर में मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET UG 2026 को लेकर पुख्ता तैयारियां की जा रही है. पिछली बार नीट (यूजी) परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक हो गया था. जिसके चलते इस परीक्षा को रद्द करनी पड़ी. ऐसे में 22 लाख से ज्यादा छात्र प्रभावित हुए. कई छात्रों ने तनाव में आकर अपनी जीवन लीला भी समाप्त कर ली. जबकि, इस परीक्षा को आयोजित करवाने वाली संस्था एनटीए यानी नेशनल टेस्टिंग एजेंसी भी सवालों के घेरे में आई.

अब एक बार फिर से रविवार यानी 21 जून को यह परीक्षा करवाई जा रही है. जिसकी तैयारियां की जा रही है. इस बार कोशिश की जा रही है कि परीक्षा पूरी तरह से पारदर्शिता के साथ हो और कोई गड़बड़ी ना हो. उत्तराखंड में भी नीट परीक्षा को लेकर प्रशासन और पुलिस ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं. जबकि, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने निष्पक्ष और शांतिपूर्ण परीक्षा के निर्देश दिए हैं.
उत्तराखंड में NEET परीक्षा को लेकर सरकार मुस्तैद, अभ्यर्थियों के लिए फ्री ट्रांसपोर्ट सुविधा: 21 जून को आयोजित होने वाली NEET पुनः परीक्षा के सफल, निष्पक्ष और पारदर्शी आयोजन के लिए प्रशासन एवं पुलिस विभाग ने व्यापक स्तर पर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की हैं. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि परीक्षा संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.






